देसी कपास की बिजाई करने पर मिलेंगे प्रति एकड़ तीन हजार: उपायुक्त
BOL PANIPAT , 22 जून। जिन भी किसानों ने इस बार अपने खेतों में देसी कपास की बिजाई की है, उनको प्रति एकड़ तीन हजार रूपये के हिसाब से राज्य सरकार द्वारा अनुदान राशि दी जाएगी। यह जानकारी जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देसी कपास को बढ़ावा देना चाहती है। इसीलिए यह तय किया गया है कि इस बार जिन किसानों ने देसी कपास की बिजाई की है, उन सबको तीन हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से अनुदान का भुगतान किया जाएगा। इस अनुदान के हकदार देसी कपास बोने वाले समस्त किसान होंगे।
उन्होंने कहा कि कपास की बिजाई का काम पूर्ण हो चुका है। जिन भी किसानों ने इस बार खेतों में देसी कपास बोई है, उन सब को अपनी डिटेल मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर दर्ज करनी होगी। देसी कपास की बिजाई को अपलोड करने की आखिरी तारीख 30 जून है। उन्होंने बताया कि अनुदान राशि केवल उन्हीं किसानों को मिलेगी जो किसान पोर्टल पर अपनी बिजाई का ब्यौरा देंगे।

Comments