निजी कंपनी की साइट से सरिया चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 19 अगस्त : एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम ने थाना सेक्टर 13/17 क्षेत्र में एक निजी कंपनी की साइट से सरिया चोरी करने वाले दो आरोपियों को मंगलवार शाम को केएमपी मानेसर से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान मेवात के सुनारी गांव निवासी अकबर व फारूख के रूप में हुई है। साइट से 8 टन सरिया चोरी किया था।
एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि थाना सेक्टर 13/17 में अमुपुर करनाल निवासी विक्रमजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गौरव सिंह कांट्रेक्टर के नाम से मैन रोड तहसील कैंप चौक से सनौली रोड तक ड्रेन बनाने का काम कर रहे हैं। ड्रेन निर्माण के लिए सरिये का सेक्टर-13/17 में आनंद गार्डन के सामने साइट पर स्टॉक करके रखते है। 21 जुलाई को साइट पर 10 टन 10 एमएम सरिया आया था, जिसमें से करीब 2 टन सरिया निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो गया था। बाकी करीब 8 टन सरिया साइट पर रखा हुआ था। 25 जुलाई को उन्होंने साइट पर रखे सामान को चेक किया और वहां से चले गए। 26 जुलाई को सुबह साइट पर पहुंचे तो वहां रखा करीब 8 टन सरिया नहीं मिला। थाना सेक्टर 13/17 में विक्रमजीत की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की पहचान व धरपकड़ में लगी थी। पुलिस टीम ने मंगलवार शाम को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर दो आरोपियों को केएमपी मानेसर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य कई साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ चोरी किया सरिया बरामद करने व वारदात में शामिल फरार इनके साथी आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments