Saturday, August 29, 2026
Newspaper and Magzine


फैक्टरी से प्रिंटिंग स्क्रीन चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 29, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 29 अगस्त : सीआईए टू पुलिस ने पुलिस लाइन के पास स्थित एक फैक्टरी से प्रिंटिंग स्क्रीन चोरी करने वाले दो आरोपियों को शुक्रवार देर शाम औद्योगिक सेक्टर-29 में सज्जन चौक के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने फरार अपने दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करनाल के गांव बलहेडा निवासी सोहिल और गांव गढ़ी भरल निवासी खुशनसीब के रूप में हुई है।

सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि शुक्रवार शाम को उनकी टीम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि औद्योगिक सेक्टर-29 में सज्जन चौक के पास दो संदिग्ध युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को काबू किया। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान खुशनसीब पुत्र ताहिर निवासी गढ़ी भरल व सोहिल पुत्र इस्लाम निवासी बलहेडा करनाल के रूप में बताई।
गहनता से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपने फरार दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर 23 अगस्त की रात जीटी रोड पर पुलिस लाइन के पास स्थित एक फैक्टरी की दीवार फांदकर 30 नई प्रिंटिंग स्क्रीन रोल और कुछ पुरानी प्रिंटिंग स्क्रीन चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। चोरी की वारदात बारे थाना औद्योगिक सेक्टर-29 में नंद विहार कॉलोनी जाटल रोड निवासी विनय जागलान पुत्र सुभाष चंद्र की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों और उनके फरार दोनों साथी आरोपी नशा करने के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर चारों आरोपियों ने मिलकर फैक्टरी में चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से चोरी की गई प्रिंटिंग स्क्रीन बरामद करने और फरार दोनों साथी आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।

Comments


Leave a Reply