ढाबे से 1.70 लाख रुपए चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार. 25 हजार रुपए और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद.
BOL PANIPAT , 15 जुलाई : एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस ने सेंट मैरी स्कूल के पास स्थित एक ढाबे से 1.70 लाख रुपए चोरी करने वाले दो आरोपियों को मंगलवार शाम सेक्टर-6 फाटक के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गंगाराम कॉलोनी निवासी सिंटू व सोनीपत के गांव बाएं निवासी सचिन के रूप में हुई है।

एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम को मंगलवार देर शाम गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक प्लेटिना बाइक पर सिद्धार्थ नगर की ओर से सेक्टर-6 फाटक की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-6 फाटक के पास नाकाबंदी कर दोनों युवकों को काबू किया। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान सिंटू पुत्र शिव शंकर निवासी गंगा राम कॉलोनी और सचिन पुत्र कृष्णपाल निवासी गांव बाएं सोनीपत के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर दोनों ने 5 जून को सेंट मैरी स्कूल के पास स्थित एक ढाबे पर गल्ले से 1 लाख 70 हजार रुपए चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना पुराना औद्योगिक में दत्ता कॉलोनी निवासी विनोद की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वे दोनों नशा करने के आदी हैं। नशे के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर उन दोनों ने मिलकर चोरी की साजिश रची और ढाबे पर गल्ले से नकदी चोरी की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया उन्होंने चोरी की ज्यादातर नकदी नशा करने और खाने पीने में खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से बची 25 हजार रुपए की नकदी और वारदात में प्रयोग की गई प्लेटिना बाइक बरामद कर बुधवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Comments