चोरी के डंपरों पर टोटल लॉस वाले डंपर का इंजन व चेसिस नंबर लिखवा बेचने वाले गिरोह का चौथा आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 31 दिसम्बर 2024, सीआईए थ्री पुलिस टीम ने चोरी के डंपरों पर टोटल लॉस वाले डंपर का इंजन व चेसिस नंबर लिखवा बेचने वाले गिरोह के चौथे आरोपी को सोमवार देर शाम सनौली रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नीरज उर्फ हिरा निवासी झांबा के रूप में हुई।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री लोकेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए थ्री पुलिस टीम ने डंपर चोर आरोपी ओमप्रकाश निवासी इटावड़ा नागौर राजस्थान व चोरी के डंपर खरीदने वाले आरोपी शिवकुमार निवासी तामशाबाद को 14 सितम्बर को चौटाला रोड स्थित स्टेडियम के सामने खाली जगह पर चोरी के दो डंपरो के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था आरोपी ओमप्रकाश विभिन्न राज्यों से डंपर चोरी कर शिवकुमार को 5 से 6 लाख रूपए में बेच देता था। आरोपी ओमप्रकाश के खिलाफ राजस्थान, गुजरात व हरियाणा में डंपर चोरी के 25 मुकदमें दर्ज हैं।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी शिवकुमार ने पुलिस को बताया था वह अपने साथी आरोपी मुकेश निवासी ललहेडी सोनीपत हाल मनमोहन नगर के साथ मिलकर ऑनलाइन साइट से टोटल लॉस के डंपर खरीदकर उनका चेसिस नंबर ओमप्रकाश से खरीदे चोरी के डंपर पर लिखवा फर्जी आरसी तैयार करा लेता था। फिर डंपर को आगे 18 से 20 लाख रूपए में बेच देते थे।
आरोपी ओमप्रकाश मध्य प्रदेश से डंपर चोरी कर 14 सितम्बर को पानीपत में शिवकुमार को बेचने के लिए आया था। तब पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर चोरी के डंपरों सहित दोनों आरोपियों को काबू किया था।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि आरोपी ओमप्रकाश व शिवकुमार के कब्जे से चोरी के दो डंपर बरामद कर पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया था। जिसके कुछ दिन बाद पुलिस ने मामले में सह आरोपी मुकेश निवासी ललहेडी सोनीपत हाल मनमोहन नगर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी मुकेश ने पुलिस को बताया था वह और शिवकुमार साथ मिलकर टॉटल लॉस के डंपर खरीद नीरज उर्फ हिरा निवासी झांबा सनौली से उनके चेसिस नबंर चोरी के डपरों पर लिखवाते थे। एक डंपर पर चेसिस नंबर लिखने के नीरज को 75 हजार रूपए देते थे। पूछताछ के बाद आरोपी मुकेश को माननीय न्यायालय में पेश कर जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद पुलिस ने आरोपी नीरज की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी नीरज उर्फ हिरा को सोमवार देर शाम सनौली रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी के डंपर पर चेसिस नंबर लिखने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी ने नंबर लिखने के बदले हासिल की 75 हजार रूपए की नगदी खर्च कर दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments