Monday, September 21, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर में 11 शिकायतें दर्ज, अधिकारियों ने दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 21, 2026 Tags: , , , ,

एसडीएम मनदीप कुमार बोले- शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें अधिकारी

सीईओ डॉ. किरण ने पारदर्शी व निष्पक्ष समाधान पर दिया जोर

डीएसपी विकास चहल ने पुलिस संबंधी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई के दिए निर्देश

BOL PANIPAT , 21 सितंबर। हरियाणा सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम जनता समाधान शिविर का आयोजन सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 11 शिकायतें दर्ज की गईं। एसडीएम मनदीप कुमार ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि जनता समाधान शिविर सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए ।

सीईओ जिला परिषद डॉ. किरण ने जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या का समाधान पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाना चाहिए। अधिकारियों को शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा समाधान करने के निर्देश दिए।

डीआरओ कलब लाकड़ा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उनके प्रभावी निपटारे तक निगरानी रखनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीएसपी विकास चहल ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस से जुड़ी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से संवाद बनाए रखने तथा मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश भी दिए।

सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र जोगी ने कहा कि जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में सीएम विंडो महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार की मंशा है कि आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान हो। उन्होंने नागरिकों से अपनी समस्याओं को उचित माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखने तथा सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी 11 शिकायतों की सुनवाई की गई। एसडीएम मनदीप कुमार ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीआरओ कलब लाकड़ा, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी विकास चहल, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, रेडक्रॉस से सचिन गौरव रामकरण, डॉ. अमित, डॉ. प्रज्ञा, ईएसआई, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र जोगी, शिकायत अधिकारी सुरेश, संजीव शर्मा, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply