राज्य स्तरीय तीज उत्सव की तैयारियों को लेकर उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया।
BOL PANIPAT ,16 अगस्त। आगामी 19 अगस्त को मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय तीज उत्सव को लेकर बुधवार को उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने स्थानीय सैक्टर 13-17 में कार्यक्रम स्थल का दौरा कर चल रही तैयारियों को लेकर जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर जो भी डयूटी जिस अधिकारी को दी गई है वह उसमें बिल्कुल कोताही ना बरते। सम्बंधित अधिकारियों के साथ स्पॉटिंग अधिकारी भी लगाए गए हैं ताकि ड्यूटी का निष्पादन समयबद्ध हो।
उन्होंने कहा कि समारोह में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा और पूरा पंडाल सीसीटीवी से लैस होगा। किसी भी तरह की जानकारी के लिए हेल्पडेस्क स्थापित रहेगा। महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। समारोह में सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुरातत्व विभाग की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। यही नहीं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि इस कार्यक्रम में दूसरे जिलों से भी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी पंहुचेंगी। उनके लिए करीब 1100 बसों की व्यवस्था की गई है। यह कार्यक्रम केवल महिलाओं को ही समर्पित रहेगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री बतौर मुख्य अतिथि भाग लेने आ रहे हैं।
इस मौके पर उनके साथ एसपी अजीत सिंह शेखावत, अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा, सीईओ जिला परिषद विवेक चौधरी, एसडीएम वीरेन्द्र कुमार ढुल, एसडीएम समालखा अमित कुमार, ओएसडी पब्लिसिटी गजेन्द्र फोगाट, कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी डॉ. दीपिका व सुमन दांगी, पुरातत्व विभाग की उपनिदेशक डॉ. बिनानी भट्ïटाचार्या सहित जिला के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष और सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने इससे पूर्व लघु सचिवालय के सभागार में सम्बंधित अधिकारियों की बैठक ली और कार्यक्रम की रूपरेखा मैपिंग के माध्यम से भी प्राप्त की।

Comments