Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर में सोमवार को हुई 60 शिकायतें दर्ज

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 6, 2025 Tags: , , , ,

-कोई शिकायत बिना निस्तारण के नहीं रहेगी

BOL PANIPAT ,  6 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह के निर्देशानुसार प्रदेशभर में हर सोमवार और गुरुवार को आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत बनते जा रहे हैं। सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में हुए शिविर में  पहुंचे नागरिको ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। कुल 60 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से कई पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।
  जनता समाधान शिविर में सीईओ जिला परिषद डॉ. किरण ने कहा कि  शिविर में  दर्ज शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को तुरंत निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने शिकायतों के समाधान को लेकर समीक्षा भी की। नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि शिविर का मकसद सिर्फ शिकायत सुनना नहीं बल्कि समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कोई भी समस्या ऐसी नहीं है जिसका समाधान न हो। अधिकारियों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ हर मामले को देखना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
शिविर में मौजूद डीएसपी राजबीर ने कहा कि पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को अधिकारियों को प्राथमिकता से देखना होगा। जनता का पुलिस पर विश्वास टिका है और हमें उस भरोसे पर खरा उतरना होगा। छोटी-सी समस्या पर भी त्वरित कार्रवाई कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना हमारी जिम्मेदारी है। डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि किसी भी  शिकायत को अधिकारी हल्के में न लें। उन्होंने कहा शिकायतें दर्ज होते ही उन पर गंभीरता से काम शुरू करें।
प्रार्थी दया राम वासी पल्हेड़ी ने गांव की गली का लेवल ठीक करने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी संजू ने फैमिली आईडी से वाहन हटवाने के लिए प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिया।  प्रार्थी जयपाल ने बिजली का बिल ठीक करवाने के लिए प्रशासन से प्रार्थना की। प्रार्थी यशपाल ने जीटी रोड़ के दोनों तरफ मूंगफली बेचने  वालों पर कार्यवाही करने को लेकर प्रशासन की अवगत कराया। प्रार्थी राम नगर गूंगा मेड़ी कॉलोनी के नागरिकों ने कॉलोनी में अवैध तरीके से चल रही मांस की दुकानों को हटवाने के लिए कानूनी कार्रवाई करने को लेकर प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिया।
  इस मौके पर डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, एसडीओ सूबे सिंह, एसडीईओ विरेंदर दहिया, सहायक कार्यकारी अभियंता सुधीर, प्रशिक्षक सुषमा, पुलिस  शिकायत अधिकारी सुरेश, नोडल अधिकारी संजीव शर्मा, जोगिंदर के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी और  शिकायत दर्ज करने वाले उपस्थित रहे।

Comments