आधार अपडेट करने को लेकर जिला प्रशासन मिशन मोड में करे कार्य. कैम्प लगाकर लोगों को करे जागरूक: संजीव कौशल
आम लोग निर्धारित सीएससी पर जाकर अपने 10 साल पुराने आधार कार्ड को करवाए अपडेट. सरकारी योजनाओं का उठाए लाभ: उपायुक्त सुशील सारवान
BOL PANIPAT , 17 जनवरी। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने मंगलवार को आधार अपडेट को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने जिलों में इस कार्य को मिशन मोड में ले और जल्द से जल्द पूरा करवाए ताकि आम जनता को सरकार की हजारों ऑनलाइन स्कीमों का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड में गलत जानकारी दर्ज होने या आधार कार्ड की प्रमाणिकता की जांच हेतू पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न विभागों के फील्ड स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने कार्यशालाओं का कार्यक्रम तैयार कर लिया है और 18 जनवरी से 23 जनवरी तक सभी जिलों में ऑनलाइन कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण ने कहा कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के सहयोग से आयोजित की जाने वाली इन कार्यशालाओं में जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य व स्कूल शिक्षा विभागों के फील्ड स्टाफ को यूआईडीएआई के विशेषज्ञों की ओर से आधार कार्ड की प्रमाणिकता की जांच की ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी। इस कार्यशाला में 10 साल पुराने आधार वाले नागरिकों के पते को दोबारा सत्यापित करने तथा 18 वर्ष या उससे अधिक की आयु के व्यक्तियों के नये कार्ड बनाने की प्रक्रिया की भी समुचित जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि आधार धारकों से आग्रह किया कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिन्होंने पिछले 10 वर्षों में अपने आधार को अपडेट नहीं किया है, वे पहचान के प्रमाण (पीओआई) तथा पते के प्रमाण (पीओए)के वैध सहायक दस्तावेजों के साथ आधार को ऑफलाइन पोर्टल या एम आधार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन या निकटतम आधार केंद्र पर जाकर ऑफ़लाइन माध्यम से अपडेट करें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्रदेश में परिवार पहचान पत्र अपडेट करवाने के लिए लगाये जा रहे कैंपों के दौरान नागरिकों को आधार अपडेट करने के बारे भी जागरूक करें। मुख्य सचिव ने निवासियों से आग्रह किया कि वे आधार विवरण में अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को अपडेट करें तथा 5 और 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट भी अवश्य करें।
वीसी में उपायुक्त सुशील सारवान ने अवगत करवाया कि जिला प्रशासन द्वारा 10 साल पुराने आधार कार्ड को अपडेट करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। इतना ही नही आम जनता की सुविधा के लिए जागरूकता कैम्प आयोजित किए जाएगें। उन्होंने कहा कि सीएससी संचालकों को इसके बारे में दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे। बैठक में एडीसी वीना हुड्ïडा, सीएमओ डॉ. जयंत आहुजा, जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप दहिया, एलडीएम तुलाराम इत्यादि मौजूद रहे।

Comments