अग्निपथ योजना युवाओं के भविष्य के साथ भद्दा मजाक : दीपक बग्गा
BOL PANIPAT , 16 जून, 2022, देश भर के तमाम युवा सड़क पर संघर्ष कर रहे हैं। आर्मी भर्ती की अग्नीपथ योजना से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। यह बात वीरवार को आम आदमी पार्टी के पानीपत जिला उपाध्यक्ष दीपक बग्गा जी ने प्रेस नोट जारी कर कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अग्नीपथ योजना से युवाओं में रोष है। जींद के गांव लिजवाना के युवा सचिन का चला जाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। आम आदमी पार्टी की संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन में युवाओं के साथ खड़ी आम आदमी पार्टी
जिला उपाध्यक्ष दीपक बग्गा ने कहा कि सेना जैसे संवेदनशील मुद्दे पर सरकार ने युवाओं के साथ भद्दा मजाक किया है। आम आदमी पार्टी आर्मी भर्ती की अग्निपथ योजना का पुरजोर विरोध करती है। इसके साथ युवाओं के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में उनके साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सरकार के इस गलत फैसले के खिलाफ शांतिपूर्ण संघर्ष का रास्ता चुनें।
सेना में जाना नौकरी नहीं, गौरव का विषय : बग्गा
दीपक बग्गा ने कहा कि देश के तमाम हिस्सों में युवाओं का प्रदर्शन जारी है। आम आदमी पार्टी शांतिपूर्ण प्रदर्शन में युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा, राजस्थान, यूपी और बिहार समेत देश के तमाम हिस्सों के युवा और जो युवा आर्मी में जाना चाहते हैं। उनके लिए यह महज एक नौकरी नहीं है, बल्कि गौरव की अनुभूति है। कई कई पीढ़ियों ने देश सेवा में अपना जीवन खपा दिया है। यह उन परिवारों के साथ, उन युवाओं के साथ भद्दा मजाक है।
दो लाख युवा कर रहे थे लिखित परीक्षा का इंतजार
बग्गा ने कहा कि पूरे देश भर में दो लाख युवा फिजिकल और मेडिकल परीक्षा को पास करके लिखित परीक्षा का इंतजार कर रहे थे। सरकार ने उन युवाओं की भर्ती को भी अधर में लटकाने का काम किया है। उन युवाओं का आखिर क्या कसूर था ?
4 साल सेना में काम करने के बाद भी नहीं मिलेगा सिपाही का दर्जा
जिला उपाध्यक्ष दीपक बग्गा ने कहा कि सरकार की अग्निपथ योजना के अनुसार 4 साल भी सेना में सेवा देने के बाद कोई भी युवा को सिपाही का दर्जा भी नहीं मिलेगा, इससे ज्यादा अपमानजनक बात युवाओं के लिए कुछ नहीं हो सकती है। ये युवाओं की देशभक्ति की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

Comments