गीता विश्वविद्यालय में आने वाली फिल्म हरियाणा के कलाकारों ने मचाई धूम
BOL PANIPAT : आने वाली फिल्म “हरियाणा” के निर्देशक संदीप बस्वाना व स्टार कास्ट यश टोंक, अश्लेशा सावंत, मोनिका शर्मा और टीम के सदस्य फिल्म के प्रमोशन के लिए गीता यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचे| यूनिवर्सिटी के चांसलर एस पी बंसल, प्रो चांसलर निशांत बंसल, अंकुश बंसल, वाईस चांसलर डा. विकास सिंह एवं प्रो वाईस चांसलर डा. गुलशन चौहान ने टीम के सदस्यों का स्वागत किया और फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी|यश टोंक (जिन्होंने कई बड़ी फिल्मो में काम किया है जैसे – मैं और मिसिज खन्ना, जय हो, फैमिलीवाला, रॉकी हेंडसम, मणिकर्णिका इत्यादि ) ने विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए अपनी नई फिल्म के गीत गाए व एक्टिंग की।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को देख कर उन्हें अपने कॉलेज के दिनों की याद आ गई। उन्होंने बताया हरियाणा फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। यह भाइयों के बीच भाईचारे और प्यार को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि वो इस फिल्म में सब से बड़े भाई महेंद्र का किरदार निभा रहे हैं| यह एक प्यारी, रोमांटिक कॉमेडी है। कलाकारों और क्रू को उम्मीद है कि दर्शक भी फिल्म को अपना प्यार और समर्थन देंगे। निर्देशक संदीप बस्वाना ने कहा कि इस फिल्म की कहानी बहुत ही रोमांचक है। उम्मीद है कि फिल्म हर वर्ग के दर्शकों को पसंद आएगी।
फिल्म “हरियाणा” की क्रू व स्टार कास्ट यश टोंक, अश्लेषा सावंत, मोनिका शर्मा से रूबरू होने को लेकर विद्यार्थियों में ख़ासा उत्साह देखने को मिला| विद्यार्थियो के जोश को देखकर टीम के सदस्यों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन व गीता यूनिवर्सिटी की सराहना की और कहा की गीता यूनिवर्सिटी में सही मायने में विद्यार्थी चहुमुखी विकास की ओर अग्रसर है|
इस अवसर पर बोलते हुए गीता यूनिवर्सिटी के चांसलर एस पी बंसल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित होने बहुत जरूरी हैं क्योकि हर विद्यार्थी में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है और इस प्रकार के कार्यक्रम को देखकर उनको भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है|

Comments