बैंक सरकार की योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में दिलचस्पी लें: एडीसी वीना हुड्डा
BOL PANIPAT :16 सितंबर। एडीसी वीना हुड्डा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न बैंक अधिकारियों को कहा कि बैंक सरकार की योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में दिलचस्पी लें ताकि गरीब व्यक्तिों के लिए बनाई गई इन योजनाओं से इनका भला किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत लगाए गए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मेले में आए हुए आवेदनों को सभी बैंक तुरन्त प्रभाव से लम्बित केसों को स्वीकृति प्रदान करें। अगर पोर्टल पर किसी भी आवेदन की स्वीकृति स्वीकृत की गई है तो उसे प्राथमिकता के साथ लिखित में स्वीकृति दें। यही नहीं जो केस पोर्टल पर दिखाई दे रहे हैं और उनके आवेदन भी नही आए हैं उनसे भी आवेदन लेना सुनिश्चित करें।
एलडीएम तुलाराम ने कहा कि कुछ प्राईवेट बैंक योजनाओं को लेकर भ्रांतियां भी फैला रहे हैं। वे ऐसा ना करें। यदि किसी बैंक के विरुद्ध शिकायत मिली तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला में विभिन्न बैंको के माध्यम से 4 हजार 926 आवेदन मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मेलों में प्राप्त हुए थे जिनमें से 1785 को स्वीकृति प्रदान की गई है। 953 आवेदनों पर गौर करते हुए उन्हें ऋण दे दिया गया है। इनमें से कुल 1873 आवेदन रद्द किए गए हैं और 1268 आवेदन अभी लम्बित हैं। इनमें सभी ब्रांच मैनेजर व्यक्तिगत रूचि लेकर इन आवेदनों का निपटान करें। बैठक में जुनियर प्रोग्रामर सुरेन्द्र सिंह के अलावा विभिन्न बैंकों के प्रबंधक उपस्थित रहे।

Comments