स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार. छीना गया मोबाइल फोन व 2 हजार रूपए बरामद.
BOL PANIPAT : 22 अक्तूबर 2022, सीआईए वन की टीम ने किशनपुरा में सदानंद स्कूल के पास गत जून माह में फैक्टरी से पैदल घर जा रहे युवक से मोबाइल व नगदी छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सन्नी निवासी ज्योति कालोनी व अर्जुन निवासी दलबीर नगर पानीपत के रूप में हुई।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया उनकी एक टीम गत बुधवार को गश्त के दौरान जीटी रोड पर मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म का एक युवक सैक्टर 13/17 में हेलीपेड के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिस दे आरोपी युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान सन्नी पुत्र रामकुमार निवासी ज्योति कालोनी पानीपत के रूप में बताई। पुलिस टीम ने गहनता से पूछताछ की तो आरोपी ने दलबीर नगर निवासी अपने साथी आरोपी अर्जुन पुत्र देवेंद्र के साथ मिलकर गत जून में सदानंद स्कूल के पास पैदल जा रहे एक युवक से मोबाइल फोन व नगदी छीनने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी सन्नी को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर दबिस देते हुए पुलिस टीम ने आरोपी अर्जुन को कोहंड फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। वारदात बारे थाना औद्योगिक सैक्टर 29 में किशनपुरा निवासी सतीश पुत्र सीताराम की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
थाना औद्योगिक सैक्टर 29 में किशनपुरा निवासी सतीश पुत्र सीताराम ने शिकायत देकर बताया था की वह वामदा ओवरसीज फेक्टरी में काम करता है। 14 जून को वह अनाज मंडी खन्ना रोड से पैदल घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में सदानंद स्कूल के पास पहुचा तो पिछे से दो अज्ञात युवकों ने गला दबाकर उसका मोबाइल फोन व 12 हजार रूपए छीनकर ले गए। सतीश की शिकायत पर थाना औद्योगिक सैक्टर 29 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ स्नैचिंग की धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ दोनों ने छीने गए 12 हजार रूपए में से ज्यादातर पैसे खाने पीने में खर्च कर दिए। आरोपियों के कब्जे से बचे 2 हजार रूपए व छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments