टी.बी. नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव ने ली समीक्षा बैठक
टी.बी. हारेगा-देश जीतेगा कार्यक्रम के तहत लोगों को करें जागरूक: जी अनुपमा
BOL PANIPAT , 3 नवम्बर। स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा ने वीरवार को प्रदेश के सभी उपायुक्तों व सिविल सर्जनों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से टी.बी. रोग को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि टी.बी. नियंत्रण को लेकर टी.बी. हारेगा-देश जीतेगा कार्यक्रम के तहत कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी स्थानीय तौर पर आईएमए व निजी चिकित्सकों का सहयोग लेकर आम जनता को टी.बी. के बारे में ज्यादा से ज्यादा जागरूक करें। उन्होंने कहा कि टी.बी. रोग विश्व के लिए एक अभिशाप है। यह एक संक्रामक रोग है। इसलिए टी.बी. का एक रोगी 10 से 15 व्यक्तियों को संक्रमित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति पर काबू पाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत इस रोग का 2025 तक पूरी तरह से उन्मूलन करने का लक्ष्य रखा है। यह कार्य निजी चिकित्सकों व अन्य स्वयंसेवियों तथा सामाजिक संगठनो के सहयोग से ही सम्पन्न हो सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टी.बी. का नि:शुल्क ईलाज किया जाता है।
इस उपरान्त जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला में पहले भी टी.बी. को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान शुरु किया हुआ है। इसे अब और गति दी जाएगी। इस अवसर पर सीएमओ जयंत आहूजा सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments