Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें : उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 29, 2026 Tags: , , , , ,

जागरूकता और जिम्मेदारी से हम टाल सकते हैं बड़ी दुर्घटनाओं को

एक चिंगारी से राख हो सकती है मेहनत,गर्मी में बढ़ा आग का खतरा

चलती गाड़ियों से बीड़ी-सिगरेट फेंकना बन सकता है खेतों के लिए खतरा: प्रशासन अलर्ट

अन्नदाता की फसल बचाना सबकी जिम्मेदारी, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

BOL PANIPAT , 29 मार्च। गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान के साथ आगजनी की घटनाओं के खतरे से इंकार नहीं किया जा सकता। इसी को देखते हुए उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने नागरिकों से सतर्क करते हुए विशेष अपील जारी की है। उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने कहा है कि इस समय खेतों में गेहूं सहित अन्य फसलें पककर तैयार खड़ी हैं, जो हल्की सी चिंगारी से भी आग की चपेट में आ सकती हैं। ऐसे में चलती गाड़ियों से जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकना एक गंभीर लापरवाही साबित हो सकती है, जो किसानों के लिए भारी नुकसान का कारण बन सकती है।
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में सूखी फसल, तेज हवाएं और उच्च तापमान आग को तेजी से फैलाने में मदद करते हैं। कई बार देखा गया है कि सड़क किनारे फेंकी गई जलती हुई सामग्री से आग लगती है, जो कुछ ही मिनटों में बड़े क्षेत्र में फैल जाती है और किसानों की पूरी फसल को जलाकर राख कर देती है। यह केवल आर्थिक नुकसान ही नहीं, बल्कि किसानों के मनोबल पर भी गहरा आघात पहुंचाता है।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि प्रशासन द्वारा लगातार फायर सेफ्टी को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इसमें आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। यदि नागरिक अपनी छोटी-छोटी आदतों में सुधार कर लें, तो बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। विशेष रूप से वाहन चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी प्रकार की जलती वस्तु को सड़क या खेतों की ओर न फेंकें।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि खेतों में लगी आग न केवल फसल को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि इससे पर्यावरण प्रदूषण भी बढ़ता है और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। धुएं और गर्मी के कारण पशुधन को भी नुकसान हो सकता है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
उपायुक्त डॉ दहिया ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी आग लगती हुई दिखाई दे तो तुरंत फायर ब्रिगेड या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके। इसके साथ ही, किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे अपने खेतों के आसपास साफ-सफाई रखें और अग्नि सुरक्षा के प्राथमिक उपाय अपनाएं।
उपायुक्त ने कहा कि लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। अन्नदाता की मेहनत की रक्षा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। थोड़ी सी जागरूकता और जिम्मेदारी से हम बड़ी दुर्घटनाओं को टाल सकते हैं।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।

Comments