Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


कोई भी महापुरुष या गुरु किसी एक समाज का न होकर सर्व समाज का होता है : राहुल मोहन

By LALIT SHARMA , in RELIGIOUS , at November 26, 2022 Tags: , , ,

BOL PANIPAT । आगामी 11 दिसंबर को करनाल में आयोजित होने वाले भगवान परशुराम महाकुंभ को सफल बनाने को लेकर ब्राह्मण नेता ताबड़तोड़  जनसंपर्क अभियान कर रहे हैं। महाकुंभ में सर्व समाज के ज्यादा से ज्यादा लोग हिस्सेदारी करें इसको लेकर आज जिला करनाल ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा बड़ौता व समाज के लोगों ने पीडब्लयूडी रेस्ट हाउस में समाज के लोगों की एक बैठक ली। बैठक में समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए सुरेंद्र शर्मा बड़ौता ने कहा कि करनाल में होने वाले इस महाकुंभ में 36 बिरादरी के लोगों की आहुति जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश बनने के बाद यह पहला अवसर है जब  इतनी बड़ी संख्या में प्रदेश स्तर पर सर्व समाज के लोग एकत्रित होंगे जिसमें ब्राह्मण समुदाय की हाजिरी सबसे ज्यादा रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समुदाय हमेशा ही  अग्रणी रहा है। और समय-समय पर उन्होंने व समाज के दूसरे बड़े नेताओं ने मंच के माध्यम से समाज के हितों के लिए आवाज उठाई है लेकिन किसी भी सरकार ने समुदाय की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। अब समय है कि समुदाय के लोग एक मंच पर आकर अपनी आवाज को बुलंद करें। उन्होंने कहा कि मंच के माध्यम से समाज के लोगों को सहयोग से ईबीपीजी , ब्राह्मण कल्याण आयोग, भगवान परशुराम के नाम से कोई संस्थान बनाने, करनाल में ब्राह्मण धर्मशाला के लिए जमीन लेने व समाज के हितों के लिए अनेक मांगों को रखा जाएगा। उन्हें उम्मीद है कि इन सभी बातों पर विचार करते हुए उन्हें पूरा करने का कार्य किया जाएगा उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर को करनाल के हुड्डा ग्राउंड में होने वाले इस महाकुंभ में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व ब्राह्मण समाज से जुड़े अनेक मंत्री व विधायक शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यह पहल शुरू की है कि सरकार सर्व समाज के गुरुओं व महापुरुषों को सम्मेलन के माध्यम से याद करें। इससे पहले किसी भी सरकार ने इस प्रकार की सोच नहीं दिखाई थी। यह भाजपा सरकार का एक सराहनीय कदम है। भगवान परशुराम महाकुंभ आयोजन समिति के समन्वयक शीशपाल राणा व पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के उप महाधिवक्ता राहुल मोहन ने कहा कि कोई भी महापुरुष या गुरु किसी एक समाज का न होकर सर्व समाज का होता है और लोगों को चाहिए कि वह इस प्रकार के सम्मेलन में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी करें। ताकि आपस में भाईचारा बढ़े। इस मौके पर उपाध्यक्ष सुशील गौतम, सचिव पंडित रोशन लाल शर्मा व रफाकत हसन सरपंच गढ़ी बेसिक मौजूद रहे।

Comments