परिवार पहचान पत्र ठीक करवाने के लिए हर गांव में लगेंगे कैम्प
9, 10 व 11 दिसम्बर को निर्धारित तिथि अनुसार हर गांव में पंहुचेंगी जिला प्रशासन की टीमें
BOL PANIPAT , 5 दिसंबर। परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों को ठीक करवाने के लिए गांव स्तर पर कैम्प लगाए जाएंगे। यह जानकारी उपायुक्त सुशील सारवान ने दी। उन्होंने बताया कि आगामी 9, 10 व 11 दिसम्बर को जिले के प्रत्येक गांव में निर्धारित तिथि अनुसार परिवार पहचान पत्र की त्रुटियों को ठीक करने के लिए कैम्प लगाए जाएंगे।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि जन संसाधन सूचना विभाग के तत्वावधान में प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए परिवार पहचान पत्र बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्ïडा के नेतृत्व में यह काम करवाया जा रहा है।
इन तिथियों में लगेंगे कैम्प
अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्ïडा ने बताया कि 9 दिसम्बर को इसराना और मडलौडा हल्के के गांवों में कैम्प लगाए जाएंगे। ये कैम्प प्रात: 9.30 बजे से प्रारम्भ होकर सायं 5 बजे तक चलेंगे। उन्होंने बताया कि सनौली और बापौली हल्के के गांवों में 10 दिसम्बर को कैम्प लगाए जाएंगे और समालखा और पानीपत ब्लॉक के गांवों में 11 दिसम्बर को ये कैम्प लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने अभी तक परिवार पहचान पत्र नही बनवाएं हैं वे तो अपने नए परिवार पहचान पत्र इन कैम्पों में बनवा ही सकते हैं, जिन लोगों के परिवार पहचान पत्र में कोई त्रुटि है तो वे भी इन कैम्पों में त्रुटियों को ठीक करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों परिवार पहचान पत्रों में अभ्यार्थियों द्वारा भरी गई जानकारियों के सत्यापन के लिए सर्वे करवाया गया। इस सर्वे के बाद भी अगर किसी को अपने परिवार पहचान पत्र की जानकारी में संशोधन करवाना है तो वे इन कैम्पों में करवा सकते हैं। लोगों द्वारा करवाए गए संशोधन के सत्यापन के लिए सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशानुसार काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में परिवार पहचान पत्र की डिटेल के अनुसार सरकार की अधिकतर योजनाओं का लाभ लोगों को मिलेगा।

Comments