पोषण जागृति माह के रूप में मनाया जायेगा जनवरी माह: उपायुक्त
जागरूकता शिविर, महिला गोष्ठी व प्रतियोगिताए रहेंगी जागृति माह का हिस्सा.
BOL PANIPAT , 3 जनवरी। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जनवरी का महीना पोषण जागृति माह के तौर पर मनाया जायेगा। यह पोषण जागृति माह पूरे जनवरी के महीने में 4 सप्ताह तक नियमित रूप से चलेगा। अलग -अलग स्प्ताह में विभिन्न विषयों पर सेमीनार, महिला गोष्ठी आयोजित होंगी। पोषण जागृति माह को प्रभावी बनाने के लिए जिला , खंड व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि कुपोषण मुक्त जिले की परिकल्पना के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गांव से लेकर शहर तक जागरूकता रैलियों और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जायेगा। पोषण जागृति माह में आंगनवाडिय़ों के साथ-साथ पंचायत, पालिका, तहसील से लेकर जिला स्तर पर आयोजन की रफ्तार तेज की जायेगी। पोषण के प्रति जागरूकता को लेकर सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर ,बैनर व पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। कुपोषण से लडऩे के लिए पंचायतों, जन स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग का भी सहयोग लिया जायेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रवीन कुमारी ने बताया कि पोषण जागृति माह के तहत सभी केंद्रों पर पोषण और अनिमिया को लेकर जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जायेगा। अभियान को सफल बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से गतिविधियों का संचालन किया जायेगा। अलग-अलग खंडों में प्रतिदिन छोटे-छोटे आयोजनों के माध्यम से कुपोषण के प्रति आमजन को जागरूक किया जायेगा। अभियान के तहत बच्चों के पोषण के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जायेगा। इस अभियान में गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य चैकअप, एचबी टैस्ट के अलावा हाथ धोने के प्रति जागरूक किय जायेगा। कुपोषित बच्चों को उचित आहार देने के लिए शिविर आयोजित किये जायेंगे।
उन्होंने बताया कि आयुष विभाग की ओर से योग सत्र और महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पोषण मटका रैली का भी आयोजन किया जायेगा। पोषण जागृति माह के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के दायरे में उगाई जाने वाली सब्जियां पोषक तत्वों, हरी सब्जियों, सहजन, करौंदा और नींबू के गुणों के बारे में जनसामान्य को जागरूक किया जाएगा। पोषण अभियान की जिला संयोजक डॉ. श्रेया ने बताया कि पोषण के गानों के माध्यम से लोगों को व खास तौर पर महिलाओं को जागरूक किया जायेगा। इस पोषण जागृति माह के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए विशेष रूप से कार्य किये जायेंगे। पोषण जागृति माह के दौरान फल, सब्जियों की गुणवत्ता की जानकारी दी जायेगी ताकि बच्चों की पौष्टिक आहार के प्रति रूचि बढ़ सके। सफाई अभियान, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरुक किया जायेगा। खिलौनो की प्रदर्शनी,कम कीमत में तैयार होने वाली रैस्पी का प्रदर्शन भी पोषण जागृति माह का हिस्सा रहेगा।

Comments