1 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद होगी शुरू. जिला उपायुक्त ने मंडी में साफ-सफाई, खरीद प्रक्रिया और ट्रांसपोर्टेशन को लेकर दिए निर्देश
गेहूं खरीद प्रक्रिया में किसानों को न आए कोई परेशानी, अधिकारी पहले से बनाए रणनीति- सुशील सारवान
उपायुक्त ने एसडीएम को अलग-अलग मंडियों पर कड़ी नजर बनाए रखने के दिए निर्देश
BOL PANIPAT , 28 मार्च। उपायुक्त सुशील सारवान ने मंगलवार को आगामी 1 अप्रैल से होने वाली गेहूं की खरीद को लेकर आयोजित बैठक में सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले भर की अलग-अलग मंडियों में शुरू हो रही गेहूं की खरीद के दौरान किसानों को किसी तरह की कोई परेशानी न आए।
उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि सभी एसडीएम और मार्केट कमेटी सचिव सम्बंधित मंडी एसोसिएशन के प्रधानों के साथ अलग-अलग बैठक कर लें और सफाई व्यवस्था को लेकर उनके साथ समन्वय भी स्थापित कर लें। सभी अधिकारी अलग-अलग मंडियों में पैनी नजर बनाकर रखें और पहले ही खरीद प्रक्रिया की पूरी तैयारी कर लें। मंडी व खरीद प्रक्रिया से जुड़े हित धारकों के साथ बैठकें करें। मंडी में किसानों के लिए शौचालय बिजली की व्यवस्था और पीने के पानी की पूरी व्यवस्था करके रखें। इसके साथ-साथ मंडी के एंट्री और एक्जिट के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से चलें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंडी सचिव, आक्शन रिकॉर्डर व अन्य कर्मचारी न बरतें लापरवाही
उपायुक्त सुशील सारवान ने मंडी से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सहीं तरीके से ड्यूटी का निर्वहन करें। मंडी सचिव, आक्शन रिकॉर्डर व अन्य कर्मचारी फसल खरीद के दौरान ड्यूटी में कौताही न बरतें, यदि ऐसा करते हुए कोई पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खरीद एजेंसियां अपनी तैयारियां रखें पूरी
उपायुक्त सुशील सारवान ने खरीद एजेंसियों खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड, एफसीआई, एचडब्लूसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एजेंसियां अपनी तैयारी पूरी रखें। इसके साथ-साथ उन्होंने सभी एसडीएम को ट्रांसपोर्टर के साथ बैठक करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी में पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से चलाने के लिए ट्रांसपोर्ट का अहम योगदान है। ऐसे में पहले से रणनीति तैयार की जाए। समय से फसल का उठान होगा तो किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि बारदाने से सम्बंधित भी समस्या प्राय रहती है लेकिन समय रहते इसे दुरूस्त कर लिया जाए ताकि किसानों और आढ़तियों को समस्या ना आए।
उपायुक्त सुशील सारवान ने सभी किसानों से अनुरोध किया कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर लाएं। उन्होंने मंडी एसोसिएशन के प्रधानों से भी अनुरोध किया कि वे मंडी में पंखा लगाकर रखें ताकि गेहूं में नमी को सुखाया जा सके। बैठक में पानीपत एसडीएम वीरेन्द्र ढुल, एसडीएम समालखा अमित कुमार के अलावा डीएफएससी जितेश गोयल भी मौजूद रहे।

Comments