एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के खिलाडियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविधालय कुरुक्षेत्र एनुएल एथलेटिक मीट 2023 में झटके दो गोल्ड और तीन सिल्वर मैडल
मेराथन, जेवलिन थ्रो और लॉन्ग जम्प में मैडल जीत खिलाड़ियों ने रचा नया इतिहास
BOL PANIPAT , 18 अप्रैल 2023. एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के खिलाड़ियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविधालय कुरुक्षेत्र में आयोजित कुरुक्षेत्र विश्वविधालय एनुएल एथलेटिक मीट 2023 में मेराथन रेस, जेवलिन थ्रो और लॉन्ग जम्प में नया कीर्तिमान रचकर दो स्वर्ण और तीन रजत पदक सहित कुल पांच मैडल झटककर कॉलेज और जिले का नाम रोशन किया. जेवलिन थ्रो के राष्ट्रीय विजेता और दो साल के लगातार चैंपियन संदीप ने सभी भाला फेंकने वालों को पछाड़ कर गोल्ड मैडल पर कब्ज़ा किया. इन्नू और विपिन ने 10 हज़ार मीटर दौड़ में और नीरज ने पांच हजार मीटर दौड़ में रजत पदक झटके. नीरज इससे पहले जूनियर हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप में गोल्ड मैडल पर कब्ज़ा कर चुका है. लॉन्ग जम्प प्रतिस्पर्धा में हरि नारायण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मैडल हासिल किया. हरिनारायण इससे पहले भी हरियाणा स्टेट यूथ चैंपियनशिप में लॉन्ग जम्प में गोल्ड और ट्रिपल जम्प में सिल्वर मैडल जीत चुका है. खेलो हरियाणा स्टेट में भी हरि नारायण ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए लॉन्ग जम्प में रजत पदक हासिल किया था.
संदीप, हरि नारायण, इन्नू, विपिन और नीरज का कॉलेज पहुँचने पर स्वागत एसडी पीजी कॉलेज प्रधान पवन गोयल, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ सुशीला बेनीवाल, प्रो रजनी देवी, अंकुश मलिक, ग्राउंड्स मैन प्रताप और अन्य प्राध्यापकों ने किया.
एसडी पीजी कॉलेज प्रधान पवन गोयल ने अपने सन्देश में कहा कि वो दिन गए जब खेलों में भाग लेना समय की बर्बादी माना जाता था. वर्तमान में खेलों में भाग लेने से हमें बहुत फायदे मिलते है. व्यक्ति का रूप और व्यक्तित्व खेलों से ही बनता और निखरता है. खेल के मैदान और मुकाबले में हर खिलाड़ी अगर लगन के साथ भाग ले तो इससे न सिर्फ हमारा आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि परस्पर प्यार और सदभाव में भी वृद्धि होती है. अच्छे खिलाडी ख्याति तो प्राप्त करते ही है बल्कि खेलों के माध्यम से अपनी आजीविका और पैसा भी कमा सकते है. कॉलेज अपने हर होनहार खिलाड़ी का निरंतर मार्गदर्शन करता रहेगा.
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने अपने आशीर्वचन में पाँचों खिलाड़ियों की भरपूर प्रशंसा की और कहा कि इन खिलाड़ीयो की उपलब्धि अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे इन्हें खुद के जीवन में सफलता मिलेगी और इनसे दूसरे विद्यार्थियो को भी भरपूर प्रेरणा मिलेगी. कुरुक्षेत्र विश्वविधालय की एनुएल एथलेटिक मीट एक प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है और इसमें मैडल प्राप्त करने का एक अलग ही अनुभव और गौरव है. संदीप, हरि नारायण, इन्नू, विपिन और नीरज राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पहले भी खुद को स्थापित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके है.
डॉ सुशीला बेनीवाल शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष ने कहा कि एथलेटिक्स का अभ्यास करके हम जीवन में कुछ अच्छा कर सकते हैं. कई मांसपेशियों का व्यायाम करने के साथ-साथ एथलेटिक्स मानसिक शक्ति का निर्माण करता है. इससे हमारे मन को जीवन की नई परिस्थितियों का बेहतर तरीके से सामना करने का हौंसला मिलता है. खेलों में भाग लेना मनोरंजक तो है ही परन्तु इससे हमें सामान्य भलाई करने की प्रेरणा भी मिलती है. एथलेटिक्स एक ऐसा खेल है जो हर संभव क्षेत्र से हमारा परिचय कराता है.
इस अवसर पर स्टाफ सदस्यों में डॉ एसके वर्मा, डॉ सुशीला बेनीवाल, प्रो रजनी देवी, ग्राउंड्समैन प्रताप, दीपक मित्तल आदि मौजूद रहे.

Comments