ऊर्जा संरक्षण कार्यक्रम “सक्षम-2023” के तहत पीआरपीसी में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया
BOL PANIPAT : 02 मई, 2023, ऊर्जा संरक्षण कार्यक्रम “सक्षम-2023” के तहत पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में दिनांक 24 अप्रैल, 2023 से इस वर्ष के विषय “ऊर्जा संरक्षण – नेट जीरो की ओर” पर विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
उपरोक्त गतिविधियों के अंतर्गत दिनांक 28 अप्रैल, 2023 को पीआरपीसी के मेन गेट के पास वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्घाटन एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख (पीआरपीसी) ने मुख्य-महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारी संघ तथा ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया । उक्त स्थान पर लगभग 200 पौधे रोपित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डहरिया ने पीआरपीसी के प्रमुख स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान के रूप में इतनी बड़ी हरित पहल के लिए टीम सक्षम की सराहना की। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को हरित आवरण विकसित करने का कोई भी अवसर न चूकने के लिए प्रेरित किया तथा विशेष रूप से यह भी कहा कि हरित आवरण ही धरती माता का प्राकृतिक आभूषण है।
उन्होंने कहा कि इस कदम से पर्यावरण को स्वस्थ, हरा-भरा और स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि यह पहल इंडियनऑयल की प्रतिबद्धता जिसके अनुसार वर्ष 2046 तक नेट जीरो परिचालन उत्सर्जन को प्राप्त करना है को प्राप्त करने में भी बड़ी सहायता मिलेगी। यह पहल एक सतत हरित विकास की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।

Comments