खनन विभाग की टीम से हाथापाई कर सीज किये ट्रैक्टर छीनकर ले जाने मामले में और दो आरोपी गिरफ्तार. छीना गया ट्रैक्टर बरामद.
BOL PANIPAT : 28 अगस्त 2024,थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने बबैल गांव के पास खनन विभाग की टीम का रास्ता रोककर हाथापाई कर सीज किये ट्रैक्टर छीनने मामले में मंगलवार देर शाम को और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान रकीब व इफ्तिकार निवासी राणा माजरा के रूप में हुई।
थाना सेक्टर 13/17 प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने मामले में पहले पकड़े जा चुके अपने साथी आरोपी संदीप निवासी बबैल व फरार अन्य तीन/चार साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से छीना गया एक ट्रैक्टर बरामद कर बुधवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
सब इंस्पेक्टर हिमांशु ने बताया की आरोपी संदीप को थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने गत मंगलवार को गिरफतार किया था। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी आरोपी रकीब व इफ्तिकार निवासी राणा माजरा व अन्य कई साथी आरोपियों के साथ मिलकर टैक्टर छीनने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। आरोपी संदीप के कब्जे से छीना गया एक ट्रैक्टर बरामद कर पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी संदीप को माननीय न्यायालय में पेश कर जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद वारदात में शामिल फरार आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
यह है मामला
थाना सेक्टर 13/17 में खनन विभाग के खनन रक्षक ललित ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह वीरवार 22 अगस्त को टीम के साथ बबैल रोड पर गश्त कर रहे थे। टीम में खनन रक्षक कर्मबीर, खनन रक्षक नितेश, ईएएसआई ब्रहम प्रकाश, ईएचसी सुरेंद्र भी उसके साथ था। वह बबैल गांव के पास गाड़ी खड़ी कर वाहनों पर नजर रखे हुए थे। इस दौरान उन्हें गांव बबैल की और से दो ट्रैक्टर ट्राली रेत से भरे हुए आते दिखाई दी। उन्होंने ट्रैक्टर चालक को रोका और उनसे रेत को ले जाने की अनुमति पर्ची मांगी। इनके पास ई रवाना पर्ची नहीं मिली। उन्होंने दोनों ट्रैक्टर व ट्रालियों को मौके पर सीज कर दिया। सीज किये दोनों ट्रैक्टर व ट्राली को वह सेक्टर 13/17 थाना में ले जा रहे थे। पुल से करीब 200 मीटर आगे चलते ही एक ऑल्टो कार में व दो बाइक पर लाठी डंडों से लैस होकर आए सात/ आठ व्यक्तियों ने टीम के साथ हाथापाई कर जबरदस्ती ट्रैक्टरों से नीचे उतार दिया। आरोपी ट्रालियों से ट्रैक्टरों को अलग कर जान से मारने की धमकी देकर दोनों ट्रैक्टर छीन कर ले गए।
थाना सेक्टर 13/17 में खनन रक्षक ललित की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments