खर्च पर्यवेक्षक व उपायुक्त ने चुनाव से जुड़े अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश. सजगता से करें अधिकारी व कर्मचारी चुनाव का कार्य.
खर्च पर्यवेक्षक अनुराग दुबे चुनाव से जुड़े अधिकारियों पर हुए सख्त, चुनाव का काम तालमेल से करें अधिकारी, चुनाव में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी
BOL PANIPAT , 21 सितम्बर। खर्च पर्यवेक्षक अनुराग दुबे ने चुनाव से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी तालमेल से काम करें, चुनाव में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी।
खर्च पर्यवेक्षक शुक्रवार देर सांय जिला सचिवालय सभागार में चुनाव से जुड़े अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सजगता से काम करें। एसएसटी और एफएसटी टीमें अपनी जिम्मेवारी को समझे और जो भी खर्चा उम्मीदवार द्वारा किया जाता है उसकी जानकारी तुरंत खर्चा रजिस्टर में दर्ज हो।
उन्होंने कहा कि 40 लाख रुपये में कोई विधानसभा चुनाव नही किया जा सकता, फिर भी टीमें कोई कार्यवाही नही कर रही है। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में अवहेलना की जा रही है, फिर भी कोई कार्यवाही अमल में नही लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वह जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। उन्हें अपने आप जाकर सूचना इकट्ठा करनी पड़ रही है परन्तु संबंधित टीमें कोई जानकारी नही दे रही है।
उन्होंने निर्देश दिए कोई भी उम्मीदवार बिना अनुमति के खर्च ना करे। यदि ऐसा कोई उम्मीदवार करता है उसके खिलाफ कार्यवाही करें। उन्होंने कहा यदि चुनाव के एक महीने के बाद भी किसी उम्मीदवार द्वारा किए गए खर्चे के बारे में जानकारी मिलती है तो उसको भी खर्च रजिस्टर में दर्ज करें। उन्होंने कहा कि सभी एईओ खर्च रजिस्टर को अपडेट रखें। कोई भी व्यक्ति एक रूपया देकर खर्च रजिस्टर की प्रतिलिपि मांग सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि एफएसटी टीम गम्भीरता से काम करें। यदि आपसी तालमेल से काम नही होगा तो जिले का काम काफी पिछड़ जाएगा। उन्होंने चुनाव से जुड़े सभी अधिकारी को निर्देश दिए कि यदि किसी को ड्यूटी में दिक्कत है या कोई चुनाव सम्बंधी सूचना देनी है तो वह उसको किसी भी समय उनके मोबाईल नम्बर पर वाट्सएप के माध्यम से दे सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक लोकेन्द्र सिंह ने चुनाव से जुड़े पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उनकी जिस भी टीम के साथ ड्यूटी लगाई गई है वह उसी टीम के साथ डयूटी करें, अपने आप ड्यूटी को ना बदले। यदि कोई दिक्कत है तो उसकी सूचना सम्बंधित डीएसपी या पुलिस अधीक्षक को दें।
इस मौके पर एडीसी डॉ. पंकज यादव, सीईओ जिला परिषद नरेद्र मलिक, एमडी शुगर मिल मनदीप सिंह, पानीपत ग्रामीण विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम ब्रहम प्रकाश, इसराना विधानसभा की रिटर्निंग अधिकारी ज्योति मित्तल, सीटीएम टिनू पोशवाल व डीएसपी सतीश वत्स सहित चुनाव से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Comments