आर्य कॉलेज की इशिका ने राज्य स्तरीय यूथ रेड क्रॉस शिविर में जीता प्रथम पुरस्कार.
BOL PANIPAT – 25 अप्रैल 2025 : कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय,कुरूक्षेत्र की यूथ एंड रेड क्रॉस इकाई द्वारा पांच दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ एवं रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हिमाचल प्रदेश के डलहोजी शहर में करवाया गया। शिविर में आर्य कॉलेज के दस छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी व मेडल अपने नाम किए। कॉलेज उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने विजेता प्रतिभागियों का शुक्रवार को कॉलेज प्रांगण में पहुंचने पर स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की, व साथ ही कॉलेज की वाईआरसी इकाई के प्रभारी डॉ. विजय सिंह व उनकी पूरी टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
कॉलेज उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने बताया कि पांच दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ एवं रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 19 अप्रैल से 23 अप्रैल 2025 तक हिमाचल प्रदेश के डलहोजी शहर में आयोजित किया गया। कॉलेज की मनोविज्ञान की प्रध्यापिका खुशबू वर्मा के सानिध्य में कॉलेज के दस विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। शिविर में पांच दिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित करवाई गई। जिसमें आर्य कॉलेज की बी.एससी प्रथम वर्ष की छात्रा प्रिया ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा इशिका ने नृत्य प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। साथ ही सरगम, आयूषी व मोंटी ने भी अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भाग ले कर पुरस्कार जीते। डॉ. सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को इस प्रकार की गतिविधियों में जरूर भाग लेना चाहिए, ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों को नई-नई जानकारियां तो मिलती ही हैं साथ ही अपने कौशल का प्रदर्शन करने का भी अवसर मिलता है और दूसरे राज्यों की संस्कृति को भी जानने का मौका मिलता है।

Comments