एसडी पीजी कॉलेज एनएसएस यूनिट व प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग को स्टेट एनएसएस अवार्ड की घोषणा
– मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्टेट एनएसएस अवार्ड पंचकुला में दिनांक 12-01-2025 को करेंगे अलंकृत
–डॉ राकेश गर्ग ने कॉलेज एनएसएस को एक नए मुकाम पर पहुंचाया है: डॉ अनुपम अरोड़ा
BOL PANIPAT , 10 जनवरी, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के एनएसएस यूनिट व प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग ने स्टेट एनएसएस अवार्ड को जीतकर कॉलेज के इतिहास को स्वर्णिम और गौरवमयी बना दिया है । इस पुरुस्कार की घोषणा आज दिनांक 10-01-2025 को उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा सरकार द्वारा की गयी । यह पुरस्कार हरियाणा के मुख्यमंत्री माननीय नायब सिंह सैनी इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम पंचकूला में 12 जनवरी को आयोजित भव्य समारोह में देंगे । यह पुरस्कार कॉलेज एनएसएस यूनिट व डॉ राकेश गर्ग द्वारा एनएसएस में किये गए उल्लेखनीय कार्यों और योगदान के मद्देनज़र दिया जा रहा है । डॉ राकेश गर्ग ने पानीपत जिले और हरियाणा प्रदेश को एनएसएस के क्षेत्र में एक अलग स्थान और पहचान दिलाई है । पूरे प्रदेश में 3 स्टेट एनएसएस अवार्ड की घोषणा हुई है । स्टेट एनएसएस अवार्ड को प्रत्येक वर्ष एनएसएस स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों, एनएसएस इकाइयों, विश्वविद्यालयों और परिषदों को उनके स्वैच्छिक सेवा योगदान को मान्यता देने के लिए प्रदान किया जाता है । डॉ राकेश गर्ग द्वारा पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में नि:स्वार्थ भाव से किया गया सामाजिक कार्य अत्यंत प्रशंसनीय तथा युवाओं के लिए प्रेरणादायी है । प्रधानमन्त्री योजना, उज्जवला योजना, जन-धन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढाओ जैसी स्कीमों में मेहनत से कार्य किया । रक्तदान शिविरों में 28 बार रक्तदान दिया । कोरोना काल में गरीब और वंचित विद्यार्थियों एवं बच्चों की आर्थिक और शैक्षणिक मदद की । हज़ारों वृक्ष लगाकर अपने पर्यावरण बोध का परिचय दिया ।
एसडी एजुकेशन सोसाइटी (रजि.) के सभी पदाधिकारियों, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत प्रबंधकारिणी के प्रधान दिनेश गोयल, उप-प्रधान राजेव गर्ग, जनरल सेक्रेटरी महेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विशाल गोयल, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा और अन्य प्राध्यापकों ने कॉलेज एनएसएस यूनिट व डॉ राकेश गर्ग की इस उपलब्धि को विलक्षण और असाधारण बताया और उसे बधाई दी । प्रोग्राम ऑफिसर द्वारा अपने कॉलेज को राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाना अपने आप में फक्र की बात है ।
इस उपलब्धि से कॉलेज की एनएसएस यूनिट में नव ऊर्जा का संचार हुआ है । कॉलेज एनएसएस यूनिट के सभी स्वंयसेवकों में हर्ष एवं उत्साह है । इस अवसर पर एनएसएस स्वंयसेवकों ने कहा कि हम अपने प्राचार्य व प्रोग्राम ऑफिसर के कुशल मार्गदर्शन में भविष्य में की एनएसएस गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक व राष्ट्रीय सेवा को पूर्णतः समर्पित रहेंगे ।
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि कॉलेज के दीपक सिंह भी इससे पहले भारत के राष्ट्रपति से एनएसएस के सबसे बड़े पुरस्कार को ग्रहण कर चुके है । पूरी यूनिवर्सिटी से मात्र 2 सर्वश्रेष्ठ एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर को इस पुरस्कार के लिए चयनित किया जाता है और इसके चयन की प्रक्रिया भी अत्यंत जटिल है । प्रोग्राम ऑफिसर द्वारा किये गए सामाजिक हित के कार्यों का मूल्यांकन बहुत ही बारीकी से किया जाता है तत्पश्चात ही वे इस पुरस्कार के दावेदार बन पाते है । कॉलेज एनएसएस यूनिट व डॉ राकेश गर्ग ने इन सभी स्तरों को पार करते हुए इस पुरस्कार को हासिल किया है । डॉ राकेश गर्ग हरियाणा प्रदेश के लिए प्रेरणा का श्रौत बन गए है । एसडी कॉलेज के इतिहास के पन्नों पर डॉ राकेश गर्ग का नाम अमिट हो गया है ।
डॉ राकेश गर्ग ने कहा कि उनके एसडी कॉलेज प्रबंधकारिणी, माता-पिता और प्राचार्य अनुपम अरोड़ा उनके आदर्श है क्यूंकि दूसरों के लिए कुछ कर गुजरने का हौंसला और जज्बा उन्हें इन्ही से मिला है । इस अवार्ड के लिए चयनित होने से उनका आत्मविश्वास और समाज के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा आज अपने चरम पर है । समाज और देश के लिए कुछ भी कर पाने से जो आत्मिक सुख और देवीय शान्ति उन्हें प्राप्त हुई है उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है । युवा अवस्था में ही विद्यार्थी अपने समाज और देश के लिए कुछ कर सकते है । यह समय बाद में लौट कर नहीं आता है ।

Comments