रोटरी क्लब पानीपत सॉलिटेयर का प्रथम स्थापना समारोह सम्पन्न. सीए गौरव सतीजा बने पहले अध्यक्ष.
-कन्या गुरुकुल की छात्राओं को उपहार स्वरूप दिया गया फर्नीचर व वाटर कूलर
BOL PANIPAT, 2 अगस्त 2025: रोटरी क्लब पानीपत सॉलिटेयर ने रोटरी वर्ष 2025–26 के लिए अपना प्रथम स्थापना समारोह बड़े उत्साह एवं सेवा भाव के साथ आर्य समाज, मॉडल टाउन, पानीपत में सम्पन्न किया। इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पीडीजी रोटेरियन रणजीत के. भाटिया, गेस्ट ऑफ ऑनर पीपी रोटेरियन सुदर्शन चुग एवं एजी रोटेरियन विभास कैला उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ज़िले के अन्य वरिष्ठ रोटेरियन्स एवं गणमान्य अतिथियों ने भी भाग लिया। समारोह के दौरान, सीए गौरव सतीज़ा को नवगठित क्लब का प्रथम अध्यक्ष (चार्टर प्रेसिडेंट) नियुक्त किया गया, जबकि सीए कुनाल कथूरिया ने सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में सीए गौरव सतीजा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा: “रोटरी क्लब पानीपत सॉलिटेयर भले ही एक नया क्लब है, लेकिन इसे स्थापित करने वाले मार्गदर्शकों का अनुभव 15–20 वर्षों का है। हमारा लक्ष्य भी वही है – समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रतिबद्ध सेवाएं देना।” रोटरी के मूल मंत्र “Service Above Self” (स्वार्थ से ऊपर सेवा) को साकार करते हुए, क्लब द्वारा कन्या गुरुकुल (आर्य समाज, मॉडल टाउन) की छात्राओं के लिए वाटर कूलर, कुर्सियाँ और बेंच प्रदान की गईं, जिससे उनकी शिक्षा का वातावरण और अधिक सुविधाजनक व गरिमापूर्ण बन सके। इस अवसर पर अध्यक्ष गौरव सतीजा ने आगे कहा: “रोटरी ने हमें देने की सच्ची खुशी सिखाई है। यह हमारी एक छोटी सी कोशिश है, जिससे हम इन बालिकाओं की पढ़ाई को बेहतर बनाने में योगदान दे सकें।” समारोह की विशेषता यह रही कि सभी उपस्थितजनों ने अपने गुरु व ईश्वर को याद करते हुए एक भावनात्मक मौन रखा, जिसके पश्चात अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत एक प्रेरणादायक कविता ने पूरे वातावरण को भाव-विभोर कर दिया। इस गरिमामय अवसर पर अनेक वरिष्ठ रोटेरियन गण भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से — पीपी रोटेरियन अतुल चोपड़ा, पीडीजी रोटेरियन रमेश बजाज, पीपी रोटेरियन अनिल दिलोरी, रोटेरियन डॉ. प्रदीप वर्मा, रोटेरियन सुरिंदर भाटिया, रोटेरियन रोहित सपरा, रोटेरियन केवल गर्ग, रोटेरियन शिव मल्होत्रा, पीडीजी रोटेरियन रमन अनेजा, रोटेरियन रमन टक्कर एवं रोटेरियन डॉ. प्रदीप वर्मा प्रमुख रहे। रोटरी क्लब पानीपत सॉलिटेयर का उद्देश्य है कि वह रोटरी आंदोलन में एक अद्वितीय और प्रभावशाली इकाई के रूप में अपनी पहचान बनाए — बिलकुल एक “Solitaire” हीरे की तरह – जो दुर्लभ, मूल्यवान और उद्देश्य की चमक से दमकता है।”

Comments