Friday, August 7, 2026
Newspaper and Magzine


लूट करने के लिए घर में घुसकर दंपत्ती पर कटर से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 8, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 08 सितम्बर 2025, सेक्टर 24 टीडीआई स्थित घर में लूट के इरादे से घूसकर दंपत्ती पर कटर से हमला करने के आरोपी को रविवार शाम को सीआईए वन पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान उग्राखेड़ी निवासी मनोज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को सेक्टर 24 रोड से गिरफ्तार किया।

सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि थाना चांदनी बाग में सेक्टर 24 टीडीआई निवासी गौरव खन्ना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह एक्सपोर्ट का काम करता है। 5 सितंबर की सुबह करीब 6:10 बजे उसकी पत्नी रेणू बेटी को स्कूल बस में बैठाने के लिए टीडीआई गेट पर गई थी। इसके पांच मिनट बाद वापिस आई तो देखा घर के साथ लगते खाली प्लाट में दीवार के साथ एक बाइक खड़ी थी। पत्नी घर के अंदर गई तो हेल्मेट पहने एक युवक गेट के पास खड़ा था। युवक ने पिस्तौल दिखाकर पैसों की मांग की। वह अंदर कमरे में सो रहा था। युवक पिस्तौल की नौक पर उसके कमरे में पत्नी को ले आया और दोनों को पैसे ना देने की सूरत में धमकी दी। वह युवक को धक्का देकर कमरे से बाहर निकला। युवक ने उठकर हाथ में लिए चाकू से उन दोनों पर हमला कर दिया। युवक ने उसके हाथ व गले पर वार किए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी बाइक सहित मौके से फरार हो गया। थाना चांदनी में गौरव खन्ना की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए वन पुलिस टीम को आरोपी की धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी थी। सीआईए वन पुलिस टीम ने घटना स्थल, आसपास व विभिन्न मार्गों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पुलिस टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर रविवार शाम को आरोपी उग्राखेड़ी निवासी मनोज को सेक्टर 24 रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।

ऑनलाइन जुआ खेलने में करीब 90 लाख रूपए हारा, कर्ज उतारने के लिए वारदाता को अंजाम दिया

प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसने सेक्टर 24 से उग्राखेड़ी रोड पर टेक्सटाईल की फैक्टरी की हुई है। वह तीन/चार माह में ऑनलाइन जुआ खेलने में करीब 90 लाख रूपए हार गया और अब उपर कर्ज हो गया था। उसका सेक्टर 24 निवासी एक्सपोर्टर दोस्त गौरव खन्ना के घर आना जाना था। पूछताछ में आरोपी ने बताया उसने कर्ज उतारने के लिए दोस्त गौरव के घर लूट करने की साजिश रची और बाजार से असली पिस्तौल जैसी दिखने वाली खिलोना एयर गन खरीदकर लाया। इसके बाद 5 सितंबर को सुबह अल सुबह बाइक पर चेहरे को कपड़े व हेल्मेट से ढक सेक्टर 24 में पहुंचा। घर की दिवार फांदकर अंदर घूसा और गौरव व उसकी पत्नी को एयर गन दिखा डराकर पैसें मांगे। उन दोनों ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद उसकी व गौरव की हाथापाई हो गई। गौरव की पत्नी बीच में आई तो उसने कटर से गर्दन पर वार कर दिए। गौरव ने उसे धक्का दिया तभी उसने गौरव पर भी कटर से वार किए और वारदात को अंजाम देकर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्तौल जैसी दिखने वाली खिलौना एयर गन, बाइक व हेल्मेट बरामद कर सोमवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

Comments