सेवा पखवाड़ा के तहत गांव नोहरा में किसानों को दी गई नई तकनीकों की जानकारी.
-फसल अवशेष प्रबंधन और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने पर दिया गया जोर
BOL PANIPAT , 18 सितंबर। जिले के गांव गांव नोहरा में गुरुवार को सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निदेशक (कृषि) डॉ. आत्मा राम गोदारा ने की। यह पखवाड़ा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पशुपालन, बागवानी और मत्स्य पालन विभाग द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिलेभर में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में किसानों को नवीनतम कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। खंड कृषि अधिकारी, मडलौडा, डॉ. बिजेंदर सिंह ने किसानों को विभागीय योजनाओं के लाभों से अवगत कराया और विशेष रूप से फसल अवशेष प्रबंधन पर जोर दिया।
उपमंडल कृषि अधिकारी, डॉ. देवेंद्र कुहाड़ ने किसानों से अपील की कि वे फसल कटाई के बाद खेतों में आगजनी की घटनाओं से बचें और पराली का प्रबंधन इन सीटू और एक्स सीटू तरीके से करें।
उन्होंने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन करने वाले किसानों को विभाग द्वारा 1200 रुपये प्रति एकड़ अनुदान दिया जाएगा। साथ ही डॉ. बिजेंदर सिंह ने किसानों को फसल अवशेष जलाने के हानिकारक प्रभावों और एनजीटी के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
सेवा पखवाड़ा के तहत जिले के अन्य गांवों—पावटी (समालखा), बुआना लाखू (इसराना) और गढ़ी भल्लोर (बापोली)—में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें किसानों को नई तकनीकों और बेहतर कृषि प्रथाओं के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने किसानों को पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

Comments