आज होगा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की एप का शुभारंभ: डीसी डाक्टर वीरेद्र दहिया
-योजना के तहत पात्र महिलाओं को मिलेंगे 2100 रुपए महीना, योजना के लिए पात्र महिलाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया भी आज से होगी शुरू
-महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविरों का भी होगा आयोजन
-हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-4880500 जारी किया
-पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया होगी नि:शुल्क, पंजीकरण के बदले पैसे मांगने वालों पर होगी एफआईआर
BOL PANIPAT , 24 सितम्बर। डीसी डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बुधवार को जिला सचिवालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना, जीएसटी सुधार आउटरीच अभियान, समाधान शिविर के बारे मे बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से सामाजिक न्याय अधिकारिता अनुसूचित जाति एवं पिछडे वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक कदम और आगे बढ़ाते हुए महिलाओं के सामाजिक व आर्थिक सम्मान के लिए वीरवार 25 सितंबर को एक महत्वाकांक्षी योजना दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 25 सितंबर को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के मोबाइल एप का पंचकूला से शुभारम्भ करेंगे। इसी दिन पानीपत सहित राज्य के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि पानीपत में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय जिला अस्पताल में किया जाएगा जिसमें हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और स्थानीय विधायक प्रमोद विज मुख्य अतिथि होंगे। समालखा उपमंडल में विधायक मनमोहन भडाना, इसराना उपमंडल में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविरों का भी होगा आयोजन
डीसी डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर पात्र महिलाओं को महीने के 2100 रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इस योजना के लिए आवश्यक एप के शुभारंभ अवसर के साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं के लिए सभी स्वास्थ्य जांच केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे और स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी स्वास्थ्य जांच शिविरों के लिए महिलाओं को प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने योजना से संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस योजना के शुभारम्भ कार्यक्रम की व्यवस्था बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए।
हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-4880500 जारी किया
डीसी डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि हरियाणा सरकार ने अपनी प्रमुख योजना ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ (डीडीएलएलवाई) के सफल और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 0172-4880500 स्थापित किया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से योजना से संबंधित सभी प्रश्न, शंकाएँ और समस्याएँ सीधे निपटाई जाएँगी। लाभार्थी या अन्य नागरिक इस नंबर पर संपर्क करके योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और किसी भी प्रकार की सहायता ले सकते हैं।
योजना के लिए आवश्यक पात्रता
डीसी डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 23 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए। वह कम से कम 15 वर्ष से हरियाणा की निवासी होनी चाहिए। इसके अलावा परिवार की आय एक लाख रुपए वार्षिक होनी चाहिए। तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कैंसर पीडि़त महिला, दुर्लभ बीमारियों से ग्रसित महिला, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया से ग्रसित महिला जो पहले से किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ न ले रही हो वह ही दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र हैं।
योजना के दायरे से यह रहेंगे बाहर
डीसी डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा/ निराश्रित महिला के लिए वित्तीय सहायता, दिव्यांग पैशन, लाडली सामाजिक सुरक्षा योजना, कश्मीरी विस्थापित परिवार के लिए वित्तीय सहायता, बौना भत्ता, तेजाब पीडि़त महिला/लडक़ी को वित्तीय सहायता, अविवाहित महिला को वित्तीय सहायता, पद्म पुरस्कार विजेताओं के लिए हरियाणा गौरव सम्मान योजना का लाभ लेने वाली महिलाएं दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया होगी नि:शुल्क, पंजीकरण के बदले पैसे मांगने वालों पर होगी एफआईआर
डीसी डाक्टर वीरेद्र कुमार दहिया ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ लेने के लिए महिला के पास हरियाणा का स्थायी निवासी प्रमाण पत्र, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, परिवार व ससुराल (यदि विवाहित हो) के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, बिजली बिल का कनेक्शन नंबर, एचकेआरएन पंजीकरण (यदि बेरोजगार हो), रजिस्टर्ड वाहनों का विवरण तथा महिला के नाम से बैंक खाता होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 25 सितम्बर से शुरू होगी, जो जिला, उपमंडल, खंड, वार्ड और गांव स्तर पर आयोजित शिविरों में पूरी तरह नि:शुल्क होगी। सरल केंद्र से डोमिसाइल बनवाने हेतु 30 रुपये शुल्क लिया जाएगा। डीसी ने स्पष्ट किया कि योजना का पंजीकरण करवाने के बदले यदि कोई व्यक्ति पैसे मांगता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इस बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ïट, अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर पंकज यादव, निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप सिंह, सीटीएम टीनू पोसवाल, निगम की संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी,डीएसपी सतीश वत्स,डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी इत्यादि भी उपस्थित रहे।

Comments