Sunday, April 19, 2026
Newspaper and Magzine


किसानों को मंडी में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी: एसडीएम मनदीप कुमार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 2, 2025 Tags: , , , , ,

-मंडियों में धान की आवक तेज, एसडीएम ने किया निरीक्षण, किसानों को दिलाया भरोसा

-एक-एक दाना खरीदा जाएगा,किसान धान की फसल अवशेष ने जलाएं

-अधिकारी 48 घंटे में किसानों को पेमेंट करना सुनिश्चित करें

BOL PANIPAT , 2 अक्टूबर। जिले की अनाज मंडियों में इन दिनों धान की आवक में तेजी देखी जा रही है। खरीफ सीजन की फसल पक कर तैयार हो चुकी है और किसान अपनी मेहनत का फल लेकर मंडियों का रुख कर चुके हैं। किसानों द्वारा मंडियों में धान लाए जाने की प्रक्रिया जोरों पर है और इसके चलते मंडियों में गतिविधियां तेज हो गई हैं।

इस बीच, उपमंडल अधिकारी (ना.) मनदीप कुमार ने गुरुवार दोपहर बाद पानीपत अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने मंडी में पहुंचकर वहां मौजूद किसानों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी तरह से उनके साथ है और उन्हें मंडी में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
एसडीएम मनदीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की लिफ्टिंग समय पर होनी चाहिए और गेट पास से जुड़ी कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। इसके अलावा, किसानों को उनकी फसल का भुगतान अधिकतम 48 घंटे के भीतर मिलना सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मंडी में छुट्टी के दिन भी बोली हुई है ताकि किसानों को प्रतीक्षा न करनी पड़े और उनकी फसल समय पर खरीदी जा सके। प्रशासन का यह कदम किसानों की सुविधा और लाभ को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
एसडीएम ने मंडी अधिकारियों, आढ़तियों और खरीद एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि फसल की तौल, खरीद और भुगतान प्रक्रिया में कोई देरी या लापरवाही न हो। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से उनकी फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा, और उन्हें मंडी में पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं, जिनमें मुख्य रूप से तौल में देरी, लिफ्टिंग में ढिलाई, और गेट पास में विलंब जैसी बातें शामिल थीं। एसडीएम ने इन सभी मुद्दों को गंभीरता से लिया और तुरंत संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए।
कुल मिलाकर अनाज मंडी में धान की आवक ने रफ्तार पकड़ ली है और प्रशासन की सक्रियता से किसानों में विश्वास बढ़ा है। यह उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में भी मंडी व्यवस्था इसी प्रकार सुचारु रूप से चलती रहेगी, जिससे किसानों को उनकी मेहनत का पूरा फल मिल सके।

Comments