पोषण मेले का भव्य आयोजन. बाल भवन में बच्चों व महिलाओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी.
-उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी वर्करों को किया गया सम्मानित
BOL PANIPAT , 8 अक्टूबर। स्थानीय बाल भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘पोषण माह’ के तहत एक भव्य पोषण मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले भर की महिला एवं बाल विकास परियोजना की अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी वर्कर ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि , महिला एवं बाल विकास, पंचकूला की संयुक्त निदेशक पूनम रमन रहीं। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग से डॉ. मनीषा और वक्ता परमिंदर कौर ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने पोषण की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ समाज की नींव पोषित बच्चों और जागरूक माताओं पर टिकी होती है।
कार्यक्रम में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं जैसे कि पोषण अभियान, आयरन और फोलिक एसिड वितरण, किशोरी स्वास्थ्य योजना आदि के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य यह था कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। इनमें खासतौर पर आंगनवाड़ी वर्कर पुनम रमन और परमिंदर कौर को उनके योगदान के लिए मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

Comments