विद्यार्थियों के लिए लोगो डिज़ाइनिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग की ओर से बी.कॉम. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए लोगो डिज़ाइनिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय था “साइबर सिक्योरिटी”, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना और उनकी सृजनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना था।
इस प्रतियोगिता में कुल 17 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने-अपने लोगो डिज़ाइन के माध्यम से यह संदेश दिया कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी पहलू नहीं, बल्कि आज की पीढ़ी की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विद्यार्थियों ने क्रिएटिविटी, टॉपिक से प्रासंगिकता और सटीकता का शानदार संतुलन दिखाया।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि लोगो केवल एक प्रतीक नहीं होता, बल्कि विचार और पहचान का दर्पण होता है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा से जुड़ी जागरूकता बेहद जरूरी है और विद्यार्थियों ने अपने डिज़ाइनों के माध्यम से इस संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को रचनात्मक, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से सराहना की कि विद्यार्थियों ने अपने लोगो में साइबर सुरक्षा जैसे ज्वलंत विषय को नवाचार और मौलिकता के साथ प्रस्तुत किया।
इस प्रतियोगिता का संचालन और आयोजन क्लास मेंटर आकांक्षा शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का उत्साह और उनकी डिज़ाइनिंग क्षमता वाकई सराहनीय है, और यह प्रतियोगिता उनके लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान खुशी और अंजलि ने, द्वितीय स्थान अमन ने व तृतीय स्थान तन्नु ने प्राप्त किया। विजेताओं को किया गया और अन्य प्रतिभागियों की भी सराहना की गई।

Comments