‘नशे को कहें ना – जीवन को कहें हाँ’ विषय पर हुआ एक दिवसीय शिविर का आयोजन
BOL PANIPAT – 29 जनवरी 2026: आर्य पी.जी. कॉलेज, पानीपत की एनएसएस इकाई द्वारा “सेवा, संकल्प और सृजन: युवाओं की भूमिका” विषय पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सिविल अस्पताल, पानीपत के मनोरोग विभाग से काउंसलर किशोर ने नशा मुक्ति विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने नशे के कारणों, लक्षणों तथा इसके दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि हम अपने पड़ोसियों, मित्रों या परिचितों को नशे की लत से बाहर निकालने में किस प्रकार उनकी काउंसलिंग कराकर सहायता कर सकते हैं। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यदि पढ़ाई, स्वास्थ्य या रिश्तों से जुड़ा कोई भी तनाव हो, तो उसे परिवार, मित्रों या अभिभावकों से साझा करना अत्यंत आवश्यक है।
शिविर के सायंकालीन सत्र में देशभक्ति विषय पर कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने एनएसएस इकाइयों को इस प्रकार के सार्थक शिविर आयोजित करने के लिए बधाई दी तथा कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में वर्ष भर आयोजित विभिन्न गतिविधियों के विजेताओं को सम्मानित करने हेतु पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा ढुढेजा ने बताया कि इस अवसर पर एक दान गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा पुराने कपड़े, जूते, कंबल एवं बेडशीट गरीब व जरूरतमंद लोगों में वितरित किए गए।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्राध्यापिका आस्था गुप्ता ने शिविर की थीम “सेवा, संकल्प और सृजन” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में प्राध्यापक पंकज चौधरी ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में देशभक्ति और सामाजिक सेवा की भावना को विकसित करने में सहायक होते हैं।

Comments