Friday, May 1, 2026
Newspaper and Magzine


काबड़ी की गलियों में गूंजा शिक्षा का बिगुल, ‘अबकी बार 10 हजार पार’ के साथ प्रवेश उत्सव 2026 का धमाकेदार आगाज़।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 23, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 23 मार्च–जिले में प्रवेश उत्सव 2026 का आगाज़ आज काबड़ी गांव से कुछ अलग ही अंदाज में हुआ। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय काबड़ी से शुरू हुए इस अभियान ने देखते ही देखते पूरे गांव को शिक्षा के रंग में रंग दिया। गलियों में गूंजते नारे, उत्साहित टीम और जन-जन तक पहुंचता संदेश—हर दृश्य इस अभियान की ऊर्जा को दर्शा रहा था।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग की टीम ने काबड़ी गांव की हर गली में पहुंचकर अभिभावकों से सीधा संवाद किया। टीम ने घर-घर जाकर बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाने की अपील की, जिसे ग्रामीणों का भरपूर समर्थन मिला।

इस बार प्रवेश उत्सव का लक्ष्य भी खास है—“अबकी बार 10 हजार पार” जिसे जिला शिक्षा अधिकारी श्री राकेश बुरा जी द्वारा दिया गया है। पूरे पानीपत जिले में लगभग 10,000 नए विद्यार्थियों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराने का यह संकल्प, कार्यक्रम के हर पल में झलकता रहा।
जिला समन्वयक संदीप रत्तेवाल के नेतृत्व में जब “पढ़ेगा पानीपत, आगे बढ़ेगा पानीपत” और “शिक्षित पानीपत, विकसित पानीपत” जैसे जोशीले नारे लगे, तो पूरा काबड़ी गांव शिक्षा के उत्सव में झूम उठा। बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों में एक नई ऊर्जा और विश्वास देखने को मिला।
इस अवसर पर उद्योगपति विकास गोयल, सतबीर गोयल, संदीप जिंदल, सीए जगदीश धमीजा, काबड़ी के सरपंच सोनू, मुकेश बॉस सहित विद्यालय के प्राचार्य नरेश अत्री, महेंद्र (एचटी), अर्चना, हरिओम, ज्योति भाटिया, जितेंद्र और समस्त स्टाफ की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया।
काबड़ी से शुरू हुआ यह अभियान अब पूरे जिले में शिक्षा की नई लहर बनकर फैलने को तैयार है। प्रवेश उत्सव 2026 का यह जोशीला शुभारंभ न केवल नामांकन बढ़ाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि जब समाज और प्रशासन साथ आते हैं, तो बदलाव निश्चित होता है।

Comments