मनी एक्सचेंज के ऑफिस पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 29 मार्च : सीआईए वन पुलिस टीम ने असंध रोड पर मनी एक्सचेंज के ऑफिस पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने मामले में फरार चौथे आरोपी को शनिवार देर शाम को सिवाह बस अड्डा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सोनीपत के हरसाना गांव निवासी प्रांजल के रूप में हुई है।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि सीआईए वन व सोनीपत एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बीते शुक्रवार को उक्त वारदात का पर्दाफास कर फायरिंग करने वाले तीनों आरोपियों सोनीपत के कबीरपुर निवासी संदीप, कोट मोहल्ला निवासी कृष्ण उर्फ काकू व रोहणा गांव निवासी कुनाल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तीनों ने पानीपत जिले के एक गांव निवासी विदेश में बैठे दो युवकों के कहने पर दहशत फैलाने के लिए मनी एक्सचेंज के ऑफिस पर फायरिंग करने की बात स्वीकारी थी। आरोपी कुनाल ने पूछताछ में पुलिस को बताया था सोनीपत के हरसाना गांव निवासी प्रांजल ने उसकी विदेश में बैठे दोनों युवकों से सोशल मीडिया पर बातचीत करवाई थी। विदेश में बैठे दोनों युवकों ने पैसों का प्रलोभन देकर उसको मनी एक्सचेंज के ऑफिस पर फायरिंग करने के लिए कहा। उसने अपने साथी आरोपी संदीप व कृष्ण उर्फ काकू को इस बारे बताया और तीनों ने शार्टकट तरिके से पैसे कमाने व लग्जरी लाइफ जीने की चाहत में वारदात को अंजाम दिया। विदेश में बैठे दोनों युवकों ने संदीप के बैंक खाता में करीब 65 हजार रूपए भेजे थे। उन तीनों उक्त पैसे निकाल कर खर्च कर दिए।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक व एटीएम कार्ड बरामद कर रिमांड अवधी पूरी होने पर तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जहा से उन्हे न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद आरोपी प्रांजल की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
पुलिस ने शनिवार देर शाम को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रांजल को सिवाह बस अड्डा के पास से काबू किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके तीनों आरोपियों की विदेश में बैठे दोनों युवकों से बातचीत करवाना स्वीकारा। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया इसकी एवज में उसको भी पैसे मिलने थे।
पुलिस ने आरोपी प्रांजल को रविवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद करने का प्रयास करेंगी।
यह है मामला
थाना माडल टाउन में शांति नगर निवासी हरिश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि असंध रोड पर अनेजा पेट्रोल पंप के पास माडल टाउन निवासी उसके ममेरे भाई गौरव मिगलानी का हॉस्ट फोरेक्स प्राइवेट लिमिटेड ने नाम से ऑफिस है। वह गौरव के साथ काम करता है। 14 मार्च को बाद दोपहर करीब 3:15 बजे वह दुकान पर कर्मचारी प्रीति के साथ बैठा हुआ था। ममेरा भाई गौरव किसी काम से बाहर गया हुआ था। तभी एक बगैर नबंर की बाइक पर तीन युवक आए और दुकान के बाहर खड़े होकर जान से मारने की नियत से गोलियां चलाई। सभी गोलियां दुकान के शीशे में लगी और वे बच गए। पुलिस ने हरिश की शिकायत पर थाना माडल टाउन में बीएनएस की धारा 109(1) व आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments