एचसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
एचसीएस परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम
उपायुक्त ने अधिकारियों को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, पानीपत में हाई अलर्ट
एचसीएस परीक्षा के लिए पेपर वितरण से लेकर कानून-व्यवस्था तक सख्त निगरानी
नकल पर सख्ती, सुरक्षा चाक-चौबंद,एचसीएस परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन की बड़ी तैयारी
BOL PANIPAT , 22 अप्रैल। हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित होने वाली एचसीएस एवं अन्य संबद्ध सेवाएं प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने परीक्षा के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए विस्तृत आदेश जारी करते हुए अधिकारियों की ड्यूटी तय कर दी है। यह परीक्षा 26 अप्रैल (रविवार) को दो सत्रों में आयोजित होगी। सुबह का सत्र 10 बजे से 12 बजे तक और शाम का सत्र 3 बजे से 5 बजे तक रहेगा। अभ्यर्थियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, क्योंकि लेट एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
जिला मजिस्ट्रेट ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को पेपर डिस्ट्रिब्यूटर-कम-स्टेशन ऑफिसर नियुक्त किया है, जो परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न पत्रों की सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करेंगे। इन अधिकारियों को परीक्षा से पहले ट्रेजरी (मालखाना, पुलिस लाइन) से सीलबंद प्रश्न पत्र लेकर तय समय से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्रों तक पहुंचाना होगा। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे। किसी भी प्रकार की नकल, गड़बड़ी या अव्यवस्था पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। किसी भी व्यक्ति को मोबाइल, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल अधिकृत स्टाफ और अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। ट्रेजरी में प्रश्न पत्रों को 24 अप्रैल से 26 अप्रैल तक डबल लॉक में सुरक्षित रखा जाएगा। वहीं, सभी केंद्रों पर बिजली, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। हर केंद्र पर एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की गई है। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए 24 अप्रैल को जिला सचिवालय में एक अहम बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि एचसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जिला प्रशासन ने व्यापक और बहुस्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और सतर्कता के साथ करें। उन्होंने कहा कि नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। हमारा लक्ष्य है कि हर अभ्यर्थी को निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिले।

Comments