अवैध देसी पिस्तौल के साथ नाबालिग गिरफ्तार. बाल सुधार गृह भेजा.
BOL PANIPAT , 04 मई : सीआईए टू पुलिस ने गश्त के दौरान बबैल रोड पर एक नाबालिग को अवैध देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने बताया वह कुछ दिन पहले यूपी के शामली में रिश्तेदारी में गया था। वह बाहर घूमने गया तो उसे प्लास्टिक पन्नी में लिपटा उक्त देसी पिस्तौल पड़ा मिला तो उठाकर घर ले आया और बाद में दोस्तों में रौब दिखाने के लिए देसी पिस्तौल को साथ लेकर चलने लगा। पुलिस ने थाना किला में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर रविवार को नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जहा से उसे बाल सुधार गृह मधुबन भेज दिया।
प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि सीआईए टू की एक टीम रविवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान बबैल रोड पर जगदीश नगर के पास थी। तभी टीम को जगदीश नगर की और से संदिग्ध किस्म का एक युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापिस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। तलाशी लेने पर उसकी पहनी हुई जींस पेंट की जेब से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर देखा तो अनलोड मिला। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान नाबालिग के रूप में बताई।

Comments