Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


शिकायतों का समयबद्ध समाधान करे पुलिस अधिकारी, किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at May 8, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 08 मई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने शुक्रवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में लंबित शिकायतों और जन सुनवाई व विभिन्न पोर्टल के माध्यम से थाना में प्राप्त हुई शिकायतों के संबंध में थाना प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने इस दौरान लंबित शिकायतों की समीक्षा कर थाना प्रबंधकों से विस्तृत जानकारी ली और निवारण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में डीएसपी राजबीर सिंह, एसपी रीडर सब इंस्पेक्टर सुभाष व सभी थाना प्रबंधक मौजूद रहें।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बैठक में लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा करते हुए थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए कि शिकायत चाहे ऑनलाइन, ऑफलाइन या पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई है उसका प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निपटारा किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचता है तो उसे समय पर न्याय मिलना अत्यंत आवश्यक है। यदि शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होता तो आमजन का विश्वास प्रभावित होता है। इसलिए सभी थाना प्रबंधक यह सुनिश्चित करें कि प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए नियमानुसार जांच की जाए तथा शिकायतकर्ता को जांच की प्रगति के संबंध में समय-समय पर अवगत भी करवाया जाए।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बैठक में थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों की जांच में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में कानूनी कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें तुरंत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने इस दौरान सख्त निर्देश दिए की दर्ज किसी भी मामले की जांच बेवहज लंबे सयम तक पेंडिग न रखे और तय समय में जांच पूरी कर चालान माननीय न्यायालय में पेश करें। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए और थाना प्रबंधक स्वयं यह सुनिश्चित करें कि पीड़ित को उचित न्याय मिले। हर्ट के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही थाना प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे थाना में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर करना सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस दौरान थाना प्रबंधकों से कहा कि आमजन पुलिस से न्याय एवं सुरक्षा की अपेक्षा रखते हैं, इसलिए शिकायतों के निपटारे में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखना प्रत्येक पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा की लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Comments


Leave a Reply