Sunday, May 17, 2026
Newspaper and Magzine


समाज हित में किया गया प्रत्येक कार्य होता पुण्य का कार्य : कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 17, 2026 Tags: , , , , , , , ,

समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामाजिक संस्थाओं का सराहनीय प्रयास : राज्यसभा सांसद संजय भाटिया

छात्राओं को वितरित की गई साइकिलें, बच्चियों के चेहरे हुए प्रफुल्लित

उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने किया बुके देकर कैबिनेट मंत्री का अभिनंदन

BOL PANIPAT , 17 मई। केंद्रीय ऊर्जा, शहरी एवं आवास मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को आर्य पीजी कॉलेज सभागार में सामाजिक संस्थाओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्कूली छात्राओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि “पढ़ेंगी बेटियां, तभी आगे बढ़ेंगी बेटियां। बेटियों की शिक्षा केवल परिवार नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करती है।
कार्यक्रम में क्षेत्र की बेटियों के शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय मंत्री ने 104 छात्राओं को पानीपत क्षेत्र में तथा 143 छात्राओं को समालखा क्षेत्र में साइकिल वितरित की। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 1000 साइकिलों का वितरण करने की योजना बनाई गई है। इस कार्यक्रम में सिग्मा संस्था के अतुलनीय योगदान की प्रशंसा की।

कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह केवल साइकिल वितरण कार्यक्रम नहीं बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर और शिक्षित बनाने का अभियान है। जब समाज की संस्थाएं आगे आकर जरूरतमंद बच्चों और बेटियों के लिए कार्य करती हैं, तब समाज में संस्कार और संवेदनाएं मजबूत होती हैं। समाज हित में किया गया प्रत्येक कार्य पुण्य का कार्य होता है। जब किसी जरूरतमंद बच्चे के चेहरे पर मुस्कान आती है, तब आत्मिक आनंद की अनुभूति होती है। हमें इन संस्कारों को आगे बढ़ाना है और समाज में सेवा की भावना को जीवित रखना है।
कैबिनेट मंत्री ने बेटियों से आह्वान किया कि वे साइकिलों का उपयोग शिक्षा और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए करें। उन्होंने अपने जीवन का अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वह स्कूल जाते थे तो उन्हें अपने गांव से तीन किलो मीटर पैदल स्कूल जाना पड़ता था। नौवीं कक्षा में पिता द्वारा साइकिल मिलने की खुशी आज भी उन्हें याद है।
उन्होंने कहा कि आज इन बच्चियों के चेहरे पर वही खुशी दिखाई दे रही है।
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से उन्होंने स्वयं के बजाय समाज के बारे में सोचकर कार्य किया है। उनका हमेशा प्रयास रहा है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचे।
उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। गांवों में तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है और प्रारंभिक चरण में 75 गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में फिरनियों, लाइब्रेरी, विद्यालय, श्मशान घाट और कब्रिस्तान पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सर्वे का कार्य चल रहा है और ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन कार्यों को 100 प्रतिशत धरातल पर उतारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि
युवाओं के लिए कौशल केंद्र खोले जाएंगे, जहां कंप्यूटर, सैलून तथा अन्य रोजगारपरक विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरकार का पूरा ध्यान गांवों को स्वस्थ, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने पर है।

राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल हमेशा समाज के हित और विकास को लेकर चिंतित रहते हैं। वह छोटे से छोटे विषय पर भी गंभीरता से मंथन करते हैं और उनका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
उन्होंने कहा, “मनोहर लाल का पूरा फोकस इस बात पर रहता है कि समाज कैसे आगे बढ़े, गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन कैसे बेहतर बने और युवाओं तथा बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर कैसे मिलें। यही सच्ची जनसेवा है। समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे कार्यक्रम समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।”
उन्होंने सामाजिक संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि जब समाज और संस्थाएं मिलकर कार्य करती हैं, तब विकास की नई इबारत लिखी जाती है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सबसे बड़ा सामाजिक निवेश है।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा बेटियों की शिक्षा और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग के लिए किया जा रहा यह कार्य अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जब समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करते हैं तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा, “बेटियों को शिक्षा से जोड़ना केवल एक परिवार नहीं बल्कि पूरे समाज को मजबूत बनाने का कार्य है। आज जरूरत इस बात की है कि हर सक्षम व्यक्ति समाज के कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए आगे आए। ऐसे प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है और नई पीढ़ी को भी सेवा एवं संस्कारों की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और प्रशासन भी समाज हित के हर अभियान में पूरी संवेदनशीलता के साथ सहयोग करेगा। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण और युवा कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़कर योगदान दें।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि समाज सेवा से बढ़कर कोई मानव धर्म नहीं होता। बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराना वास्तव में राष्ट्र निर्माण का कार्य है।
उन्होंने कहा, “आज जिन बेटियों को साइकिलें दी गई हैं, वे आने वाले समय में अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करेंगी। समाज की संस्थाओं द्वारा जरूरतमंद बच्चों के लिए आगे आना अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। ऐसे कार्य समाज में भाईचारा, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं।”
उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों को सही दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर जरूरतमंदों की मदद का संकल्प ले, तो सामाजिक बदलाव को नई गति मिल सकती है।
उन्होंने सामाजिक संस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्यों से समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूती मिलती है और लोगों में एक-दूसरे के प्रति सहयोग की भावना बढ़ती है।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ,पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बुके देकर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, अनुरुद्ध, जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह, अंत्योदय फाउंडेशन ट्रस्टी एषणा कल्याण, फैला उजाला फाउंडेशन अध्यक्ष कुमारी रंजीता कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अलावा कई अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं में नेहा, रूपाली, लक्ष्मी, राधा, मानवी, पूजा, अंजू, शिवानी और प्रतिभा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद खास और यादगार बन गया है। साइकिल मिलने से अब स्कूल आने-जाने में काफी सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी।
छात्राओं ने कहा, “कई बार लंबी दूरी तय करके स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता था, लेकिन अब पढ़ाई के प्रति हमारा उत्साह और बढ़ गया है। यह साइकिल हमारे लिए केवल एक साधन नहीं बल्कि हमारे सपनों को आगे बढ़ाने का माध्यम है। हम मन लगाकर पढ़ाई करेंगे और अपने माता-पिता, शिक्षकों तथा क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।”
उन्होंने सामाजिक संस्थाओं और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार जताते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए किया गया यह प्रयास अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगा। छात्राओं ने कहा कि समाज और संस्थाओं के सहयोग से गरीब परिवारों की बेटियों को आगे बढ़ने का नया हौसला मिलता है।

Comments


Leave a Reply