Thursday, June 11, 2026
Newspaper and Magzine


एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, विभागों को सौंपे गए अहम दायित्व

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 11, 2026 Tags: , , , , ,

एनीमिया के खिलाफ चलेगा व्यापक जनअभियान, जांच, उपचार और जागरूकता पर रहेगा विशेष फोकस: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे

महिलाओं, बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य सुधार के लिए प्रशासन ने तैयार की विस्तृत कार्ययोजना

एनीमिया मुक्त हरियाणा बनाने की दिशा में बड़ा कदम, अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

राज्य सरकार द्वारा 30 जून तक एनीमिया उन्मूलन माह मनाया जा रहा

BOL PANIPAT , 11 जून। एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को जिला सचिवालय सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान अभियान की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियों, लक्षित लाभार्थियों तथा जागरूकता गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य संस्थानों से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा सामुदायिक स्थलों पर विशेष जांच एवं जागरूकता शिविर लगाए जाएं। एनीमिया से प्रभावित व्यक्तियों को आयु वर्ग के अनुसार आयरन-फोलिक एसिड की दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा गंभीर मामलों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी केंद्रों पर टी-4 शिविरों के आयोजन, लाभार्थियों की पहचान, आयरन-फोलिक एसिड वितरण, फॉलोअप तथा पोषण संबंधी परामर्श गतिविधियों को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि विभाग द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग को सरकारी, सहायता प्राप्त तथा निजी विद्यालयों में विशेष शिविरों के आयोजन, विद्यार्थियों की जांच, अभिभावकों को जानकारी उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों जैसे भाषण, रैली, प्रश्नोत्तरी, बाल सभा एवं अभिभावक-शिक्षक बैठकों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

    अतिरिक्त उपायुक्त ने पंचायत विभाग को ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम सचिवों के माध्यम से एनीमिया के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक स्तर पर शिविरों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आयरन युक्त खाद्य पदार्थों एवं पोषण संबंधी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व सौंपा गया है। अतिरिक्त उपायुक्त ने कि अभियान के दौरान एनीमिया से प्रभावित व्यक्तियों का डेटा डिजिटल एनीमिया ट्रैकिंग पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि इसके माध्यम से लाभार्थियों की जांच, उपचार, फॉलोअप तथा स्वास्थ्य सुधार की प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। जिला, ब्लॉक और राज्य स्तर के अधिकारी अभियान के दौरान लगातार निरीक्षण और मॉनिटरिंग करेंगे ताकि निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जा सकें।

अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि एनीमिया एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है, जिसका प्रभाव विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जांच और उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में संतुलित एवं पोषक आहार के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जनआंदोलन का स्वरूप दें।

    उन्होंने कहा कि समय पर जांच, उचित उपचार, आयरन युक्त भोजन और निरंतर निगरानी के माध्यम से एनीमिया को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र लाभार्थी इस अभियान से वंचित न रहे और प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचे।

सीएमओ विजय मलिक ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 30 जून तक एनीमिया उन्मूलन माह मनाया जा रहा है। अभियान का संचालन टेस्ट, ट्रीट, टॉक और ट्रैक (टी-4) रणनीति के आधार पर किया जा रहा है। इसके तहत लक्षित लाभार्थियों की हीमोग्लोबिन जांच, उपचार, परामर्श तथा नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत छह प्रमुख लाभार्थी वर्गों को शामिल किया गया है, जिनमें 6 से 59 माह तक के बच्चे, 5 से 9 वर्ष तक के बच्चे, 10 से 19 वर्ष तक के किशोर एवं किशोरियां, 20 से 49 वर्ष तक की प्रजनन आयु वर्ग की महिलाएं, गर्भवती महिलाएं तथा धात्री माताएं शामिल हैं। इन सभी वर्गों में एनीमिया की पहचान, उपचार एवं जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया। इस मौके पर एसडीएम समालखा अमित कुमार एसडीएम इसराना नवदीप सीईओ डॉ किरण नगराधीश टीनू पोसवाल, डीएसपी सतीश वत्स,डीईओ राकेश बूरा, डॉक्टर पवन और स्वास्थ्य विभाग से अधिकारी मौजूद रहे।
&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&&
पानीपत, 11 जून। केंद्र सरकार के 12 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पानीपत जिला में आगामी 20 जून तक विशेष जनसंपर्क, जनकल्याण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों, जनसंवादों, प्रदर्शनी, किसान सम्मेलनों, जनकल्याण शिविरों तथा स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रदान की जाएगी।

डीसी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बैठक में बताया कि जन जागरूकता की इस मुहिम में सरकार के 12 साल में किये गए कार्यों को विभिन्न प्रचार माध्यमों से लोगों तक जानकारी दी जाएगी। 13 जून को जिला में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 15 जून को पंचायत विभाग की ओरा से जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।

उन्होंने कहा कि 16 जून से 18 जून तक जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडल मुख्यालयों पर जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। 16 से 18 जून तक जिला मुख्यालय पर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, पोस्टर निर्माण, भाषण तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 16 जून से 20 जून के बीच रोजगार मेले एवं कौशल विकास संबंधी कार्यक्रम, कृषि एवं बागवानी विभाग द्वारा 20 जून तक ब्लॉक स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।  

Comments


Leave a Reply