समयबद्ध और पारदर्शी भुगतान उपलब्ध कराने के लिए ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
गन्ना सहित सभी फसलों का 100 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन जरूरी
समय रहते पोर्टल पर दर्ज कराएं विवरण: डॉ. राजीव कुमार
मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर पंजीकरण कराएं किसान, तभी मिलेगा योजनाओं और फसल बिक्री का पूरा लाभ
BOL PANIPAT , 12 जून। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आगामी सीजन 2026-27 के लिए ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर गन्ने सहित अन्य फसलों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और फसल खरीद व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के किसानों से समय रहते अपनी फसलों का पंजीकरण कराने की अपील की है।
उपायुक्त डॉ हरीश ने बताया कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त करने, गन्ने की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने तथा किसानों को समयबद्ध और पारदर्शी भुगतान उपलब्ध कराने के लिए ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।
उपायुक्त ने अन्य फसल उत्पादक किसानों से भी अपील की कि वे अपनी-अपनी फसलों का विवरण ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। इससे न केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी, बल्कि भविष्य में फसल बिक्री, मुआवजा, अनुदान तथा अन्य कृषि संबंधी सेवाओं का लाभ भी आसानी से प्राप्त किया जा सकेगा।
जिला सहायक गन्ना विकास अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि जिन किसानों का पंजीकरण नहीं होगा, उन्हें भविष्य में विभिन्न सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने जिले के सभी गन्ना उत्पादक किसानों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें और जल्द से जल्द अपनी गन्ने की फसल का शत-प्रतिशत पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समय पर पंजीकरण होने से फसल खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी और किसानों को भुगतान भी निर्धारित समय पर प्राप्त होगा।
इस संबंध में कृषि विभाग ने किसानों से आह्वान किया है कि वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), अटल सेवा केंद्र अथवा संबंधित विभागीय कार्यालय की सहायता लेकर समय रहते पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Comments