Saturday, June 20, 2026
Newspaper and Magzine


विशेष गहन पुनरीक्षण में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, ड्यूटी में कोताही बरतने वाले बीएलओ पर होगी एफआईआर : एडीसी अंकित चौकसे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 20, 2026 Tags: , , , , , ,

घर-घर पहुंचेगा मतदाता जागरूकता अभियान, वार्डों में मिनी सभाएं और गांवों में होंगी ग्राम सभा।

सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक 1950 हेल्पलाइन पर मिलेगी हर जानकारी, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

पार्षदों, अधिकारियों और बीएलओ के समन्वय से सफल होगा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान

BOL PANIPAT , 20 जून , विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को और अधिक गति दे दी है। इसी कड़ी में शनिवार को जिला सचिवालय सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे की अध्यक्षता में नगर निगम के विभिन्न वार्डों के पार्षदों, अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी, पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान इसी उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पार्षदों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्डों में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए मिनी सभाओं का आयोजन करें तथा अधिक से अधिक नागरिकों को इस अभियान से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम सभाओं के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और पात्रता संबंधी जानकारी दी जाए। इसके अलावा पोस्टर, बैनर, पंपलेट, मुनादी तथा ऑडियो प्रचार वाहनों के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने या आवश्यक संशोधन कराने से वंचित न रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कोई भी नागरिक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकता है।
एडीसी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक सही सूचना पहुंचाना और उसकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है।
बैठक में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए एडीसी ने कहा कि बीएलओ लोकतांत्रिक व्यवस्था की जमीनी कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल फार्म वितरित करने तक सीमित नहीं है बल्कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर सही जानकारी एकत्रित करना और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्रों का वितरण करें तथा पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई बीएलओ अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतता है या जानबूझकर कार्य में कोताही करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कर्मचारियों के निलंबन के साथ-साथ आवश्यक होने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। एडीसी ने कहा कि चुनाव संबंधी कार्य अत्यंत संवेदनशील होते हैं और इनमें किसी प्रकार की लापरवाही को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि
“विशेष गहन पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने का अभियान है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा कोई भी योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। सभी पार्षद, अधिकारी, बीएलओ और सामाजिक संगठन मिलकर जनजागरूकता बढ़ाएं। यदि हम सामूहिक रूप से कार्य करेंगे तो यह अभियान जिले में एक सफल मॉडल के रूप में स्थापित होगा।
एसडीएम मनदीप कुमार ने भी अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करें ताकि आवेदन प्रक्रिया सरल और त्वरित बन सके।
एसडीएम ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों तथा अन्य फील्ड स्तर के कर्मचारियों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है ताकि जागरूकता का दायरा और अधिक बढ़ाया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान नागरिक सहभागिता पर आधारित कार्यक्रम है। जितनी अधिक जनता की भागीदारी होगी, उतनी ही बेहतर और शुद्ध मतदाता सूची तैयार होगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचकर उसे इस प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाए और मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाए।”
बैठक में नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी सतीश वत्स, डीआरओ कलब लाकड़ा, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र, कानूनगो महेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्षद तरुण गांधी, रॉकी गहलोत तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लेकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को जन आंदोलन का रूप देकर जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच बनाई जाएगी, ताकि आगामी चुनावों के लिए एक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके।

Comments


Leave a Reply