Thursday, June 25, 2026
Newspaper and Magzine


लखनऊ हादसे से सबक: सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 25, 2026 Tags: , , , , ,

जन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, आपातकालीन एक्शन प्लान रखें तैयार

कोचिंग सेंटर, बैंक्वेट हॉल और व्यावसायिक भवन रहें अलर्ट, कभी भी हो सकता है औचक निरीक्षण

अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की होगी गहन जांच, खामियां मिलने पर कार्रवाई तय

लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा मानकों की होगी कड़ी निगरानी

BOL PANIPAT , 25 जून। लखनऊ में हुई दुखद अग्नि दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सभी संबंधित विभागों, संस्थानों, कोचिंग सेंटरों, बैंक्वेट हॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा भवन संचालकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपनी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन एक्शन प्लान तत्काल प्रभाव से तैयार रखें तथा नियमित रूप से उसकी समीक्षा करें।
उपायुक्त ने कहा कि ऐसी दुखद घटनाएं हमें यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और आपदा प्रबंधन में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। इसलिए सभी संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे सुरक्षा नियमों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आगामी 5 दिनों में जिला प्रशासन द्वारा किसी भी समय औचक निरीक्षण किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान यदि कहीं अग्निशमन उपकरणों की कमी, आपातकालीन निकास मार्गों में बाधा, सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा अन्य किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी, संस्थान या भवन संचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा, “लखनऊ में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए हमें पहले से सतर्क रहना होगा। जन सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संस्थान अपनी सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग तथा एक्शन प्लान को पूरी तरह दुरुस्त रखें। मैं स्वयं भी विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लूंगा। जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
उपायुक्त ने नागरिकों से भी अपील की कि वे सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी संस्थान में सुरक्षा संबंधी कमी दिखाई देने पर प्रशासन को तुरंत सूचित करें। जन सहयोग और सतर्कता से ही संभावित हादसों को रोका जा सकता है।

Comments


Leave a Reply