Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


इसराना में मनाया गया उपमण्डल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at January 26, 2025 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : इसराना, 26 जनवरी। 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर इसराना स्थित अनाज मण्डी में राई की विधायक कृष्णा गहलावत ने ध्वज फहराया। उन्होंने आमजन को शुभ संदेश दिया व परेड का निरीक्षण किया। समारोह में विभिन्न टुकडिय़ों ने मार्च पास्ट किया।
विधायक कृष्णा गहलावत ने 76वें गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को नमन किया, जिनके अमर बलिदानों से हमें गणतंत्र दिवस मनाने का यह गौरवशाली अवसर प्राप्त हुआ है। 75 वर्ष पहले सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला।
उन्होंने कहा कि आज हम संविधान में दिए गए जिन हकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वे डा. अंबेडकर जी की ही देन है। वोट देने का जो अधिकार आज देश में किसी अमीर को है, वही अधिकार एक गरीब व्यक्ति को भी है। हमारे संविधान में समाज के कमजोर वर्गों, पिछड़े लोगों और अनुसूचित जाति के लोगों के उत्थान के लिए जो व्यवस्थाएं की हैं वह भी बाबा साहेब की देन है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आज हम भारत के संविधान का 76वां गणतंत्र महोत्सव मना रहे हैं। पूरे देश में हमारा संविधान- हमारा अभियान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। हाल ही में प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ सहित सभी जिला मुख्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों में सामूहिक संविधान प्रस्तावना वाचन का आयोजन किया गया। पवित्र संविधान के प्रति सरकार की सच्ची आस्था व निष्ठा को दर्शाता है। यह युवा पीढ़ी को संविधान की मूल भावना से अवगत करवाने की एक अनूठी पहल है, जो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आजादी के बाद पहली बार व्यापक स्तर पर की गई है।
विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढऩे के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपतराय, सरदार बल्लभ भाई पटेल, डा. राजेन्द्र प्रसाद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरूषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़ा संघर्ष किया। शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्र शेखर आजाद और उधम सिंह जैसे क्रांतिकारियों के बलिदानों के कारण ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज – हर सरकारी योजना के पारदर्शी तरीके से लागू किए जाने से घर बैठे गरीब की बेटी की शादी का शगुन, बुजुर्ग, विधवा व दिव्यांगों की पेंशन, बी.पी.एल. कार्ड, चिरायु कार्ड का लाभ, किसानों को उनकी फसल का भुगतान कम्प्यूटर की एक क्लिक से सीधे पात्र व्यक्ति के खाते में जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए ई-लर्निंग पहल गूगल ड्राइव के माध्यम से टच स्क्रीन पी.डी.एफ. फाइल-आधारित एक्सेस के साथ, ई-कंटेंट प्लेटफॉर्म पर सभी पाठ्यक्रमों की अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। वर्ष 2021-22 में उच्च शिक्षा में राज्यवार सकल (कुल) नामांकन अनुपात 33.3 प्रतिशत है। नई शिक्षा नीति का एक लक्ष्य वर्ष 2030 तक उच्चतर शिक्षा में लड़कियों का सकल नामांकन अनुपात प्रतिशत से अधिक करना है। इस दिशा में भी हरियाणा प्रदेश काफी आगे है। हमारे यहां लड़कियों का सकल नामांकन अनुपात 33.3 प्रतिशत है। हम 2030 से बहुत पहले ही 50 प्रतिशत के लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि हर क्षेत्र में भी ई-गवर्नेंस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। जिस प्रकार, परिवार पहचान पत्र के डेटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे मिल रहा है, उसी प्रकार, कृषि क्षेत्र में ’मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल बनाकर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को इससे जोडा गया है। आज खेल जगत में हरियाणा का बडा नाम है। हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। हमारी सरकार द्वारा मैडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। अवार्ड पाने वाले खिलाडिय़ों को मासिक मानदेय भी दिया जाता है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालों व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वालों बच्चों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर एसडीएम इसराना अश्विनी कुमार सहित सम्बंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Comments