Thursday, July 2, 2026
Newspaper and Magzine


जागरूक समाज ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर लगा सकता प्रभावी अंकुश: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 2, 2026 Tags: , , , ,

हरियाणा उदय के तहत नशा मुक्त हरियाणा अभियान को मिलेगा जन-आंदोलन का स्वरूप

समाज की भागीदारी से नशे पर होगा निर्णायक प्रहार, प्रशासन ने बनाई व्यापक रणनीति

एनजीओ, युवा, पुलिस और सामाजिक संगठन मिलकर देंगे नशे के खिलाफ सशक्त संदेश

जन-जागरूकता, मैराथन और संवाद कार्यक्रमों से मजबूत होगा नशा मुक्त हरियाणा अभियान

BOL PANIPAT , 2 जुलाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा उदय के अंतर्गत संचालित किए जा रहे कम्युनिटी पुलिसिंग एवं आउटरीच कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंस आयोजित की गई। इसमें प्रदेशभर के उपायुक्तों, पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों, जनसहभागिता, प्रचार-प्रसार और विभागीय समन्वय की विस्तार से समीक्षा की गई।
    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप नशा मुक्त हरियाणा केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि जन-जन का अभियान बने, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता से ही नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है। उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत 11 जुलाई को पंचकूला में गैर-सरकारी संस्थाओं (एनजीओ) और केमिस्ट एसोसिएशन के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद 18 जुलाई को मधुबन में प्रदेश के सभी थाना प्रभारियों (एसएचओ) एवं एमएचसी के साथ विशेष बैठक होगी।
  डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, युवाओं, खिलाडिय़ों, अभिभावकों और आम नागरिकों की समान भागीदारी आवश्यक है। जागरूक समाज ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अभियान के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि नशा मुक्त हरियाणा का संदेश गांव-गांव और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
गौरतलब है कि वहीं युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के उद्देश्य से कई जिलों में विभिन्न तिथियों पर मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर एडीसी अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीएसपी सुरेश सैनी, डीडीपीओ राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply