पीएम स्वनिधि योजना के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें बैंक अधिकारी: नगराधीश टीनू पोसवाल
जनहित सर्वोपरि, बैंक ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें कार्य
पीएम स्वनिधि योजना का लाभ हर पात्र तक पहुंचे
बैंकों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
लंबित प्रकरणों में तेजी लाएं, पात्र लाभार्थियों को न हो किसी प्रकार की परेशानी
BOL PANIPAT , 3 जुलाई। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लंबित मामलों की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगराधीश टीनू पोसवाल ने की। इस दौरान विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने की एक महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में किसी भी पात्र व्यक्ति को केवल प्रक्रियात्मक देरी के कारण योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी बैंक अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा लंबित आवेदनों का गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि बैंक जनहित से जुड़ी योजनाओं को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि सेवा भावना के साथ धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें। प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन और बैंकों की साझा जिम्मेदारी है। कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में नगराधीश ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें, आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कर स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाएं तथा लाभार्थियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न होने दें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्य को पूरी ईमानदारी, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ करें ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके। इस मौके पर एलडीएम जितेंद्र परियोजना अधिकारी राकेश कादयान, बीडीपीओ शक्ति सिंह, शीतल के अलावा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments