Saturday, July 11, 2026
Newspaper and Magzine


14 जुलाई से पहले मिशन पूरा करें, उत्कृष्ट बीएलओ होंगे सम्मानित–डीसी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 11, 2026 Tags: , , , , , ,

एसआईआर अभियान अंतिम चरण में, हर ब्लॉक के 5 सर्वश्रेष्ठ बीएलओ को मिलेगा सम्मान

लापरवाही नहीं, परिणाम चाहिए, 14 जुलाई के बाद शेष कार्य पर होगी सख्त कार्रवाई

BOL PANIPAT , 11 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिले में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य बहुत तेज गति से जारी है। छुट्टी के दिन भी अधिकारी अपने लक्ष्य को पूरा करने में लगे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ स्वयं अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं और सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि एसआईआर अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें प्रत्येक बीएलओ की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई तक निर्धारित कार्य पूरा करने वाले प्रत्येक ब्लॉक के पांच उत्कृष्ट बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनकी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रतीक होगा।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और बीएलओ का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आने वाले दो दिन निर्णायक हैं। जो अधिकारी और कर्मचारी इन दो दिनों में पूरी ऊर्जा, टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ कार्य पूरा करेंगे, वही इस अभियान के वास्तविक विजेता कहलाएंगे। प्रशासन को अपने सभी बीएलओ की क्षमता और मेहनत पर पूरा विश्वास है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी भी दी कि 14 जुलाई के बाद यदि किसी स्तर पर कार्य लंबित पाया गया तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को गंभीर प्रशासनिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि हर बीएलओ पूरी जिम्मेदारी के साथ घर-घर संपर्क कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें। समय पर और गुणवत्तापूर्ण कार्य ही जिले को प्रदेश में अग्रणी बनाएगा। प्रशासन सभी कर्मियों के साथ मजबूती से खड़ा है और विश्वास है कि पानीपत निर्धारित समय से पहले अपना लक्ष्य पूरा कर उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

Comments


Leave a Reply