नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, युवाओं को नीरज चोपड़ा से प्रेरणा लेनी चाहिए : हरविंद्र कल्याण
रोड बिरादरी एकजुट होकर समाज और जरूरतमंदों का बने सहारा, विदेश में रह रहे युवाओं के लिए भी बने सहयोग समिति : विधानसभा स्पीकर
गांव के विकास के लिए निजी कोष से लाखो रुपये देने की घोषणा, बादली बलिदान दिवस सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
BOL PANIPAT, 2 अगस्त। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि नशे से दूर रहकर ही युवा देश और समाज के मजबूत भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। युवाओं को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और अनुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा जैसे होनहार खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर युवा खेल, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। समाज की प्रगति आपसी सहयोग, भाईचारे और सकारात्मक सोच से ही संभव है।
विधानसभा स्पीकर रविवार को गांव अहर छिछड़ा की नई अनाज मंडी में बादली बलिदान दिवस के अवसर पर रोड़ बिरादरी द्वारा आयोजित विशाल सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने राजा रोड व जगतगुरु ब्रह्मानंद को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
अपने संबोधन में हरविंद्र कल्याण ने कहा कि समाज तभी मजबूत बनता है जब उसके लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं। उन्होंने रोड बिरादरी से आग्रह किया कि एक ऐसी स्थायी समिति का गठन किया जाए, जो विशेष रूप से विदेशों में रह रहे समाज के युवाओं की किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता कर सके। साथ ही यह समिति आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की हरसंभव मदद करने का कार्य भी करे। उन्होंने कहा कि समाज की असली पहचान उसके सेवा भाव और एकजुटता से होती है।
समाज की एकता और सौहार्द बनाए रखने के लिए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
विधानसभा स्पीकर ने गांव के विकास के लिए अपने निजी कोष से लाखो रुपये देने की घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है।
सम्मेलन में पहुंचने पर रोड बिरादरी के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने विधानसभा स्पीकर का बुके भेंट कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में एसडीएम मनदीप कुमार, आयोजक डॉ. राजपाल, अशोक कुमार सहित हरियाणा एवं अन्य राज्यों से आए रोड़ बिरादरी के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूरे सम्मेलन में सामाजिक एकता, भाईचारे और समाज सेवा का संदेश प्रमुखता से दिया गया।

Comments