Sunday, August 9, 2026
Newspaper and Magzine


तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा हर घर तिरंगा अभियान : अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 9, 2026 Tags: , , , , ,

हर घर तिरंगा से देशभक्ति की भावना को मिलेगा नया संबल

17 अगस्त तक जिले में होंगे देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम

तिरंगे की शान में रोशन होंगे प्रमुख स्थल, निकलेगी तिरंगा रैली

BOL PANIPAT , 9 अगस्त। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला जनअभियान है। जिले में 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से नागरिकों को तिरंगे के सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान एवं एकजुटता का संदेश दें।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसमें भारत की एकता, अखंडता, विविधता और गौरव की भावना समाहित है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत तिरंगा रैली इत्यादि का भी आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं और आमजन को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना तथा स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी का स्वरूप देना है।
अंकित चौकसे ने बताया कि जिले में प्रमुख स्थानों पर ‘सेल्फी विद तिरंगा’ प्वाइंट बनाए जाएंगे। सरकारी भवनों सहित अन्य प्रमुख स्थानों को तिरंगे की रोशनी से सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तिरंगे से सजे ये स्थल नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल करेंगे तथा स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को आकर्षक और यादगार बनाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शिक्षण संस्थानों, एनसीसी, एनएसएस, यूथ क्लबों, एनजीओ, तथा आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तिरंगा किसी एक वर्ग, संस्था या क्षेत्र का नहीं, बल्कि पूरे भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है। हर घर पर तिरंगा फहराना देश की एकता और अखंडता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को नई ऊर्जा मिलेगी तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर भी मिलेगा।

Comments


Leave a Reply