हर घर तिरंगा व वंदे मातरम थीम पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में प्रदर्शनी लगाई गई।
BOL PANIPAT : 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चल रहे हर घर तिरंगा व वंदे मातरम अभियान के तहत जिला प्रशासन प्रभावी रूप से राष्ट्र व्यापी मुहिम में भागीदार बन रहा है। बुधवार को जिला सचिवालय परिसर में हर घर तिरंगा व वंदे मातरम थीम पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में प्रदर्शनी लगाई गई।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बुधवार को प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी में हर घर तिरंगा व वंदे मातरम से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों की विस्तार से जानकारी दी गई है जो युवा पीढ़ी के लिए ज्ञानवर्धक है।
उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियों का आयोजन हो रहा है और इस राष्ट्रीय अभियान में पानीपत जिला उल्लेखनीय सहभागिता सुनिश्चित कर रहा है।
उपायुक्त ने कहा तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, शौर्य और गौरव का प्रतीक है। इस तिरंगा प्रदर्शनी के माध्यम से हम अपने राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास और उससे जुड़े त्याग एवं बलिदान को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास कर रहे हैं।
उपायुक्त डॉ. हरीश ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का प्रयास कर रहे है। उन्होंने युवाओ से अपील की कि हमे अपने तिरंगे की आन, बान और शान को सदैव बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। इसकी शान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। तिरंगे के तीनों रंग हमें साहस, शांति और समृद्धि का संदेश देते है। यह हमारे देश की विविधता में एकता का प्रतीक है।
उपायुक्त ने कहा कि तिरंगा हमें उन वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। इस प्रदर्शनी का उदेश्य तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है। इस मौके पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ सुनील बसताडा, एआईपीआरओ दीपक पाराशर भी उपस्थित रहे।

Comments